CG Road Accident: छत्तीसगढ़ में दो दर्दनाक सड़क हादसे, नर्स समेत दो लोगों की मौत

धमतरी/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगह हुए दो दर्दनाक हादसों में दो लोगों की जान चली गई। धमतरी में शव लेकर जा रही एम्बुलेंस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें एक नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरजपुर में बाइक सवार युवक कुएं में जा गिरा और उसकी भी जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
धमतरी में एम्बुलेंस डिवाइडर से टकराई
पहला हादसा धमतरी जिले में संबलपुर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, रायपुर से एक मृत व्यक्ति का शव लेकर एम्बुलेंस जगदलपुर जा रही थी। इसी दौरान संबलपुर के पास एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर ट्रैक्टर से जा भिड़ी।
हादसे में नर्स की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस में सवार शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई। शबनम खान जगदलपुर के महारानी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूरजपुर में बाइक समेत कुएं में गिरा युवक
दूसरा हादसा सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पर्री गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि देर रात बाइक सवार एक युवक सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की पहचान ओढ़गी के घुई गांव निवासी के रूप में हुई है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





