#राष्ट्रीय

PM Modi-Smit Machchhar: पीएम मोदी से बातचीत में भावुक हुए कैप्टन स्मित, बोले- मुश्किल वक्त में पढ़ रहा था हनुमान चालीसा

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के भीतर हुए कथित हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। करीब नौ मिनट की बातचीत में पीएम मोदी ने उनकी सेहत का हाल जाना और घटना के दौरान उनके साहस और संयम की सराहना की। कैप्टन स्मित ने भी उस मुश्किल वक्त के बारे में बताया और कहा कि संकट की घड़ी में वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे।

पीएम मोदी से बोले स्मित- हनुमान चालीसा से मिली हिम्मत

बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जब भी जीवन में मुश्किल परिस्थितियां आती हैं, वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। फ्लाइट में हुए हमले के दौरान भी उन्होंने हनुमान चालीसा पढ़ी और इसी से उन्हें हिम्मत मिलती रही।

स्मित ने प्रधानमंत्री से बातचीत को अपने लिए बेहद खास और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन प्रधानमंत्री खुद उनसे बात करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा- पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित के साहस की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम ने कहा कि देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है और उनके साहस, सूझ-बूझ तथा संयम ने कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री ने स्मित की मां गीताबेन का भी जिक्र किया और उनकी परवरिश में परिवार से मिले संस्कारों की सराहना की।

दुबई से तेल अवीव जा रही थी फ्लाइट

फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित और उनके सह-पायलट के बीच कथित तौर पर संघर्ष हुआ। रिपोर्टों के अनुसार, स्मित पर हमला किया गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बावजूद उन्होंने विमान की स्थिति संभालने की कोशिश जारी रखी। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग कराई गई। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार विमान में सवार 174 यात्री सुरक्षित रहे।

घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खुलवाया

रिपोर्टों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद क्रू और यात्रियों ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। विमान को तबुक में सुरक्षित उतारा गया।

घटना के बाद कैप्टन स्मित की भूमिका की भारत और विदेशों में चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने उनके साहस की सार्वजनिक रूप से सराहना की है।

गुजरात सरकार देगी ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’

गुजरात सरकार ने कैप्टन स्मित मच्छार को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि यह सम्मान फ्लाइट की घटना के दौरान उनके साहस और यात्रियों की सुरक्षा में निभाई गई भूमिका के लिए दिया जाएगा। रिपोर्टों के मुताबिक, सम्मान उन्हें स्वास्थ्य लाभ के बाद प्रदान किया जाएगा।

कैप्टन स्मित फिलहाल इलाज और स्वास्थ्य लाभ के दौर से गुजर रहे हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में प्रार्थनाएं भी की जा रही हैं।