Chhattisgarh Coal Levy Case: विधायक देवेंद्र यादव को ACB/EOW का नोटिस, 5 अक्टूबर को विशेष कोर्ट में पेश होने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नोटिस जारी किया है। एजेंसी के नोटिस में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ IPC की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण का उल्लेख किया गया है।
नोटिस में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7A और 12 के साथ IPC की धारा 420, 120-B, 384, 467, 468 और 471 का उल्लेख है। यह मामला अपराध क्रमांक 03/2024 से संबंधित है। एजेंसी की ओर से विवेचना पूरी होने के बाद विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर के समक्ष अभियोग पत्र प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया बताई गई है।
5 अक्टूबर को विशेष कोर्ट में पेश होने के निर्देश
ACB/EOW के नोटिस के अनुसार देवेंद्र यादव को 5 अक्टूबर 2026 को विशेष न्यायालय में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब EOW कोल लेवी मामले में फाइनल चार्जशीट पेश करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक करीब 35 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश किए जाने की तैयारी है।
28 सितंबर को हुई थी पूछताछ
इससे पहले 28 सितंबर 2026 को भी देवेंद्र यादव को EOW ने पूछताछ के लिए बुलाया था। रिपोर्ट के मुताबिक उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई थी। अब ताजा नोटिस के जरिए उन्हें 5 अक्टूबर को विशेष अदालत में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
कोल लेवी मामले में जांच एजेंसियों के मुताबिक वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन पर अवैध लेवी वसूली का कथित तंत्र चलाया गया था। मामले की जांच EOW के साथ ED भी कर रही है।





