Close

मनी लॉन्ड्रिंग: कांग्रेस मुख्यालय पहुंच सकते हैं ईडी, अटकलों के बीच बढ़ाई सुरक्षा

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर ईडी की नजर अब कांग्रेस मुख्यालय पर है। जहां जांच के दौरान कोई नहीं होने की वजह से ईडी ने दिल्ली में हेराल्ड हाउस की इमारत में यंग इंडियन के कार्यालय को सील कर दिया है।

वजह बताई गई कि तलाशी के दौरान कार्यालय में कोई भी उपलब्ध नहीं था और इसलिए वे तलाशी पूरी नहीं कर पाए। आदेश में कहा गया है कि एजेंसी से बिना पूर्व अनुमति के परिसर नहीं खोला जाएगा।

इस बीच एआईसीसी मुख्यालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही 10 जनपथ यानी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सूत्रों की मानें तो ईडी कभी भी कांग्रेस दफ्तर पर छापेमारी की कार्रवाई कर सकती है। इन अटकलों के बीच कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम और अन्य दिग्गज एआईसीसी मुख्यालय पहुंचने लगे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के कार्यालय और 10 जनपथ आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

इस बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पार्टी की ओर से कहा गया कि सत्य की आवाज नहीं डरेगी पुलिसिया पहरों से। गांधी के अनुयायी लड़ के जीतेंगे इन अंधेरों से।

कांग्रेस ने कहा नेशनल हेराल्ड का ऑफिस सील करना, कांग्रेस मुख्यालय को पुलिस पहरे में कैद करना तानाशाह की डर और बौखलाहट दोनों दिखाता है। पर महंगाई और बेरोजगारी के सवाल तो फिर भी पूछे जाएंगे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय एवं 10 जनपथ को पुलिस छावनी बनाने की आज की कार्रवाई अघोषित आपातकाल है। नेशनल हेराल्ड (यंग इंडिया) के दफ्तर को जबरन सील कर दिया गया। एनडीए की इस तानाशाही सरकार के खिलाफ यदि कांग्रेसजनों के साथ आम जनता खड़ी नहीं हुई तो इसका खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ेगा।

scroll to top