Close

जापान के पूर्व पीएम शिंजो के निधन पर भारत में कल राष्ट्रीय शोक, पीएम मोदी ने कहा दोस्त के निधन से मैं दुखी

नई दिल्ली। भारत के पीएम नरेंद्र मोदी के दोस्त जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर भारत में कल राष्ट्रीय शोक रहेगा। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं।

शिंजो शुक्रवार सुबह जब नारा शहर में भाषण दे रहे थे तब उन पर पीछे से पिस्तौल से हमला कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताया है। पीएम ने ट्वीट में लिखा, मैं शिंजो आबे के निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’

पीएम मोदी ने कहा है कि शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। उन्होंने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।

शिंजो से जुड़ाव कई साल पुराना
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जानता था। मेरे पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। पीएम मोदी ने कहा कि अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।

प्रधानमंत्री हुए भावुक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक अन्य ट्वीट में टोक्यो में शिंजो आबे के साथ अपनी सबसे हालिया मुलाकात की एक तस्वीर साझा की। प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि वे हमेशा भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रयासरत रहते थे।

भारत-जापान संबंधों में बड़ा योगदान दिया
पीएम मोदी ने कहा कि शिंजो आबे ने भारत-जापान संबंधों को एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर तक ले जाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। शोक की इस घड़ी में पूरा भारत जापान के साथ है और हम इस कठिन क्षण में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।

रक्षामंत्री ने जताया दुख
जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दुख व्यक्त किया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताते हुए ट्वीट किया कि ‘भारत ने एक करीबी दोस्त खो दिया है, जिसने भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम किया।’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी जताया शोक
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ‘जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे पर हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, जिन्होंने भारत-जापान संबंधों को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो के निधन से गहरा दुख हुआ। भारत और जापान के बीच सामरिक संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका सराहनीय थी। वह हिंद-प्रशांत में एक स्थायी विरासत छोड़ गए हैं। उनके परिवार और जापान के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’

scroll to top