Close

राहुल गांधी के खिलाफ साजिश दर साजिश रच रही भाजपा : मरकाम

जगदलपुर -प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम शुक्रवार को यहां भाजपा और मोदी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के मंत्री और भाजपा के बड़े बड़े नेता कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता और जन स्वीकार्यता से विचलित होकर गांधी के खिलाफ साजिश दर साजिश रचते चले जा रहे हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिशों में लगे हुए हैं। यह सारा खेल कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे अडानी मामले से देश का ध्यान भटकाने के लिए खेला जा रहा है। यहां आयोजित पत्रवार्ता में पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में आज सच बोलना और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना गुनाह हो गया है। जो ऐसा करता है, उसे तरह तरह से परेशान किया जाता है। चार बार सांसद रह चुके पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बोलने से रोका जाता है, जब वे संसद में बोलना चाहते हैं, तो उन्हें रोक दिया जाता है या फिर माइक ऑफ कर दिया जाता है। सत्तारूढ़ दल के सांसद बहुमत के अतिवादी चरित्र का प्रदर्शन करते हुए सदन की कार्यवाही नहीं चलने देते। देश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। केंद्र सरकार के मंत्री पद की गरिमा को तार तार करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करते हैं। जब इन सबसे भी उन्हें अपनी दाल गलती नहीं दिखती, तो तरह तरह की साजिश रची जाती है। मरकाम ने कहा कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने उनसे सरकारी बंगला छीनने के पीछे मुख्य कारण यह है कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दुखती रग पर हाथ रख दिया है।

scroll to top