Close

भारतीय मूल के अजय बंगा चुने गए वर्ल्ड बैंक के नए अध्यक्ष, 2 जून से संभालेंगे जिम्मेदारी

वाशिंगटन। बुधवार को भारतीय मूल के अमेरिकी उद्यमी अजय बंगा को निर्विरोध विश्व बैंक का अगला अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। विश्व बैंक ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बंगा की नियुक्ति की जानकारी देते हुए कहा, “विश्व बैंक के कार्यकारी निदेशकों ने आज अजय बंगा को पांच साल के लिए अध्यक्ष चुन लिया। उनका पांच साल का कार्यकाल दो जून, 2023 से शुरू होगा।”

मास्टरकार्ड इंक के पूर्व प्रमुख बंगा इस समय जनरल अटलांटिक के वाइस चेयरमैन के रूप में कार्यरत हैं। वह दुनिया के शीर्ष वित्तीय संस्थानों- विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) में से किसी की भी कमान संभालने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं। उनका पालन-पोषण भारत में ही हुआ था। उन्हें भारत सरकार वर्ष 2016 में पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित कर चुकी है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गत फरवरी में 63 वर्षीय बंगा को विश्व बैंक के मुखिया पद के लिए नामित करने की घोषणा की थी। बाइडन ने कहा था कि बंगा इतिहास के इस महत्वपूर्ण क्षण में इस वैश्विक संस्था की अगुवाई करने के लिए सक्षम हैं। विश्व बैंक ने कहा कि निदेशक मंडल को बंगा के साथ मिलकर विश्व बैंक समूह विकास प्रक्रिया पर काम करने का इंतजार है। अप्रैल में संपन्न बैठक में इस विकास प्रक्रिया पर सहमति बनी थी। इसके अलावा विकासशील देशों के समक्ष मौजूद मुश्किल विकास चुनौतियों से निपटने के प्रयासों पर भी मिलकर काम करना है।

scroll to top