Close

प्रेसिडेंट इलेक्शन: पहले हुई सांसदों के वोटों की गिनती, पहले राउंड में मुर्मू को भारी बढ़त

नई दिल्ली। भारत में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की जगह कौन नए महामहिम होंगे इसकी आधिकारिक घोषणा आज शाम तक हो जाएगी। 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए संसद भवन में सुबह 11 बजे से वोटों की गिनती शुरु हो गई थी। सबसे पहले सांसदों के वोटों की गिनती की गई।

यूं तो विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के खिलाफ सत्तारूढ़ राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है, मगर जीत-हार के वोटों के अंतर का पता मतगणना से चलेगा। मतगणना से उन दावों की सत्यता भी पता चलेगी कि कई दलों के विधायकों ने बिना जानकारी दिए अपनी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की है।

बता दें कि जीतने पर द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला होंगी जो सर्वोच्च सांविधानिक पद पर आसीन होंगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होना है।

नतीजे शाम तक आने की संभावना है। मतगणना का काम उसी कमरा नंबर 63 में हो रही है जहां सांसदों के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसी कमरे को स्ट्रॉन्ग रूम में बदल कर मतपेटियां रखी गई हैं। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है।

यशवंत सिन्हा से काफी आगे निकलीं द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति चुनाव में सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो गई है। द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट हासिल किए हैं। वहीं यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट हासिल किए हैं। कुल 15 वोट अवैध थे। राज्य सभा के महासचिव ने इसकी जानकारी दी है।

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न का माहौल
एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर में लोग जश्न मना रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। मुर्मू के गांव में बांटने के लिए 20 हजार लड्डू तैयार तैयार किए गए हैं।

भाजपा ने की विजय जुलूस की तैयारी
भाजपा नीत एनडीए को पूरा भरोसा है कि द्रौपदी मुर्मू ही विजयी होंगी। भाजपा ने विजय जुलूस की भी तैयारियां शुरू कर दी है। इसके अलावा जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे।

मुर्मू की जीत पर सभी को गर्व की अनुभूति होने वाली: किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होने से न केवल आदिवासी, बल्कि देश में सभी को गर्व की अनुभूति होने वाली है। मुझे पता चला है कि सभी प्रमुख आदिवासी नेता मुर्मू जी को बधाई देने के लिए दिल्ली आएंगे।

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी
द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। अगर मुर्मू जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। उधर, द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। नतीजे आने के बाद मिठाइयां बांटी जाएंगी। रायरंगपुर में लड्डू बनने शुरू हो गए हैं।

यूपी के विधायकों का मत मूल्य सबसे अधिक
उत्तर प्रदेश के एक विधायक के वोट का मूल्य सबसे अधिक 208 है। इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु के विधायकों के मत का मूल्य 176 है, तो महाराष्ट्र के विधायकों के वोट का मूल्य 175 है। सिक्किम के एक विधायक के वोट का मूल्य केवल सात है जो पूरे देश में सबसे कम है। मालूम हो कि देश की पहली महिला राष्ट्रपति होने का गौरव प्रतिभा पाटिल को हासिल है जो 2007 में शीर्ष संवैधानिक पद के लिए चुनी गईं थीं।

द्रौपदी मुर्मू को 27 दलों का था समर्थन
27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं महज 14 दलों के समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.5 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।

इस तरह से चल रही मतगणना
सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों की गिनती की गई। संसद भवन में कुल 730 वोट डाले गए थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती शुरू हुई। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी-बारी से निकाली जाएंगी।

99.18 फीसदी वोट पड़े थे संसद में
देश के 15वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए सोमवार को मतदान हुआ था और संसद भवन में 99.18 प्रतिशत मत पड़े थे। देश के दस राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में 100 फीसदी वोटिंग हुई थी। कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग की भी खबरें थीं।

scroll to top