Close

हिमाचल के मंडी जिले में भूस्खलन, सड़क पर पत्थर गिरने से चंडीगढ़-मनाली हाइवे हुआ ब्लॉक

हिमाचल प्रदेश के मंडी में मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन हो गया, जिसकी वजह से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। पहाड़ दरकने के कारण भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिसकी वजह से मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। शुक्रवार को भी मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 12 घंटे तक बंद रहा था। यहां रुक-रुक कर लगातार भूस्खलन हो रहा है।

पर्यटकों के साथ सेना के वाहन भी फंस गए

बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार रात प्रदेश के कई जिलों में खूब बारिश हुई। धर्मशाला में सबसे अधिक 111 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। राज्य में चंडीगढ़-मनाली हाईवे सहित 80 सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई है। एनएच 21 मंडी-कुल्लू भी सात मील व हनोगी के पास भूस्खलन के कारण बंद हो गया है, जिससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंडी जिला के 7 मील के पास मलबा गिरने के कारण बंद हो गया था। भूस्खलन होने के चलते नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। इस जाम में पर्यटकों के साथ-साथ सेना के वाहन भी फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके पर सभी मशीनरी भेजी, ताकि जल्द से जल्द रास्ते को बहाल किया जाए। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को फिर से बहाल किया गया।

7, 8 और 9 अगस्त को पश्चिम और मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना

वहीं मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 7, 8 और 9 अगस्त को पश्चिम और मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना है। लगातार भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पूरे मध्य और पश्चिम भारत के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में अगले 6 दिनों तक बारिश होगी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार 6 अगस्त से 11 अगस्त तक राज्य में बारिश होगी। छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में 8 और 9 अगस्त को बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ में भी भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा में 9 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई है।

 

यह भी पढ़ें:- जेईई मुख्य परीक्षा की टाई-ब्रेकिंग पॉलिसी में हुआ बदलाव, नंबर वन पर पोजीशन पर रहेगा केवल एक स्टूडेंट

scroll to top