Close

पहला प्रेस कान्फ्रेंसः भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा- जनता जल्द चाहती है इस सरकार से मुक्ति

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अरुण साव ने रविवार को पहली बार मीडिया से रुबरू हुए। इस दौरान साव ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता जल्द से जल्द चाहती है कि इस सरकार से मुक्ति मिले।

बिलासपुर के सांसद व प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष साव ने आगे कहा कि आज छत्तीसगढ़ की सरकार से हर वर्ग परेशान है। सरकार ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं सहित सरकारी कर्मचारी-अधिकारियों को ठगने का काम किया है। इसलिए जनता चाहती है कि जितना जल्दी हो सके इस सरकार से मुक्ति मिल जाए।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए साव ने आगे कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज बनेगी। सदन से लेकर सड़कों तक लड़ाई लड़ेंगे। बीजेपी की सरकार बनाने के लिए हर संभव कार्य करेंगे।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रेस कान्फ्रेंस में लगातार राज्य सरकार पर तीखे हमले करते रहे। आगे कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से यहां सारे कामकाज ठप है। आज छत्तीसगढ़ में माफिया राज चल रहा है। शराब, रेत, भू माफिया हावी है। ऐसे में कहा जाए कि छत्तीसगढ़ सरकार नौजवानों के भविष्य को खराब करने का काम कर रही है। नशे का आज पूरा खेल चल रहा है। कर्ज लेकर सरकार चला रहे हैं।

इस दौरान अरुण साव ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बहुत छोटे कार्यकर्ता को झंडा बैनर बांधने वाला, दीवार लेखन करने वाले एक कार्यकर्ता को आज प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सांसद साव ने कहा कि मैं भरोसा दिलाता हूं छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं के भरोसे पर मैं परिश्रम की पराकाष्ठा करूंगा। सभी नेता, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर भाजपा को आगे बढ़ाने का काम करूंगा।

इस दौरान भाजपा के पहले रहे आदिवासी अध्यक्ष को हटाए जाने के कांग्रेस के आरोपों पर नए पार्टी अध्यक्ष साव ने कहा कि कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगा रही है। भाजपा ने आदिवासी समाज को आगे बढ़ाने के लिए जितना काम किया है, कांग्रेस कभी नहीं कर सकती। राष्ट्रपति से लेकर छत्तीसगढ़ की राज्यपाल तक आदिवासी हैं। केंद्रीय बी मंत्री आदिवासी हैं।

साव ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की सारी योजनाएं केवल कागजों पर है। धरातल में सरकार की सारी योजनाएं फेल है। इसलिए जनता समझ गई है, छत्तीसगढ़ का भविष्य केवल भारतीय जनता पार्टी के हाथों में सुरक्षित होगा। छत्तीसगढ़ केवल भाजपा के हाथों आगे बढ़ेगा।

भारतीय जनता पार्टी में इतने बड़े-बड़े नेता हैं सब लोग मिलकर काम करेंगे। पार्टी जिसको जो जिम्मेदारी देगी वह जिम्मेदारी को संभालने में सक्षम हैं। कार्यकर्ताओं का केवल अभी एक ही लक्ष्य है 2023 में कमल खिलाना है। हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अध्यक्ष साव ने आगे कहा कि मैं चाहूं तो छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं की विफलता गिना सकता हूं, पर आज पहला दिन है इसलिए नहीं बोल रहा हूं। रोका छेका का क्या हाल है, सब देख रहे हैं। सड़कों पर मवेशी घूम रहे हैं, कहां है रोका छेका अभियान?

साव ने कहा पिछले 15 साल हमारी सरकार थी, हमने गांव में बिजली, पानी, सड़क, स्कूल, अस्पताल क्या-क्या नहीं बनाया। आज छत्तीसगढ़ की जनता, गांव की जनता विकास के लिए तरस रही है। आज छत्तीसगढ़ में जो भी विकास के काम हो रहे हैं वह केवल केंद्र सरकार की योजनाओं से हो रहे हैं। इनके सारे खोखले दावे हैं, छत्तीसगढ़ की जनता समझ चुकी है।

scroll to top