Close

नए अध्यक्ष पहले पार्टी के नेताओं को एक सूत्र में पिरो लें, उसके बाद बात करेंः सीएम बघेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष बदले जाने को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी पर तंज कसा। सवाल किया और कहा कि उनका आंतरिक लोकतंत्र कहां है? वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पर विधायक दल को विश्वास नहीं है, और जो बनाने वाले हैं उन पर भी विधायक दल का विश्वास नहीं है।

सीएम बघेल ने पाटन रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा लोकतंत्र की दुहाई देती है, लेकिन उनका आंतरिक लोकतंत्र कहां है? वहीं सीएम ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के सरकार के सभी कामकाज केवल कागजों में होने के आरोप पर कहा कि जिस दल के वे अध्यक्ष बने हैं, उस पार्टी के नेताओं को पहले एक सूत्र में पिरो लें उसके बाद बात करें।

भाजपा से मेरा एक सवाल
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर कांग्रेस पर लगाए आरोप पर कहा कि भाजपा से मेरा एक सवाल है, संघ के कार्यालय में हिंदू राष्ट्र का जो नक्शा है, उसमें कौन-कौन से देश शामिल हैं? पाकिस्तान, अफगानिस्तान और पड़ोसी देश भी हैं। एक तरफ अखंड भारत के नक्शे को रखे हैं और दूसरी तरफ क्या कहते हैं कि मुसलमानों को पाकिस्तान भेज दिया जाए।

ये लोग गुमराह करने का काम करते हैं
सीएम ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये एक तरफ कहते हैं मुसलमान पाकिस्तान चले जाएं और दूसरी तरफ अखंड भारत में मिला दिया जाए कहते हैं, तो यह गोरखधंधा क्यों कर रहे हैं। आप अखंड भारत बनाना चाह रहे हैं, तो अभी यहीं आ जाएगा और आज जितनी जनसंख्या है उससे ज्यादा हो जाएगी तो तुम्हारे अखंड भारत का क्या होगा। सीएम ने कहा ..तो यह लोग गुमराह करने का कारम करते हैं।

पाटन रहा है स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का गढ़
पाटन में होने वाले पदयात्रा कार्यक्रम की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमारा पाटन क्षेत्र स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का गढ़ रहा है। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा फ्रीडम फाइटर हमारे पाटन ब्लॉक के रहे हैं। इस बात की खुशी है कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मभूमि और कर्मभूमि पाटन है।

scroll to top