Close

पहलगाम के चंदनवाड़ी में ITBP की बस खाई में गिरी, सात जवानों की मौत

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में ITBP के 39 जवानों से भरी बस नदी में जा गिरी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर राहत कार्य शुरू किया गया है। सुरक्षाबल, सेना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। राहत कार्य चल रहा है। हादसे में 7 जवान मारे गए हैं। वहीं 32 घायल हैं। फिलहाल ITBP की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। पुलिस ने सिर्फ इतना ही कहा है कि गंभीर रूप से घायल जवानों को अस्पताल में शिफ्ट किया है।

बताया जा रहा है कि 39 जवानों में 37 आईटीबीपी के जवान थे जबकि 2 जवान जम्मू-कश्मीर पुलिस के थे। बताया जा रहा है कि जिस बस में जवान सवार थे वह सिविल बस थी और अचानक उसका ब्रेक फेल होने के बाद बस सड़क किनारे नदी में जा गिरी।

अमरनाथ यात्रा के लिए तैनात थे जवान 

सैनिक चंदनवाड़ी से पहलगाम की ओर जा रहे थे,  फ्रिसलान में यह बस नदी में गिरी है। जवानों को अमरनाथ यात्रा के लिए इलाके की सुरक्षा में तैनात किया गया था। अमरनाथ यात्रा खत्म होने के बाद जवान वहां से वापस लाए जा रहे थे। कई के हादसे में मारे जाने की आशंका है।

200 फीट नीचे नदी में गिरी बस

बस चंदनवाडी से पहलगाम की तरफ आ रही थी जहां जवानों को अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात किया गया था। हादसा इतना बड़ा था कि चंदनवाड़ी के पास बस करीब 200 फीट नीचे नदी में जा गिरी। बस के परखच्चे उड़ गए। अभी तक इस हादसे में कितने जवान प्रभावित हुए हैं यह बात साफ नहीं हुई है।

सात जवानों की जान गई

डीजी आईटीबीपी, एसएल थाओसेन ने बताया कि आईटीबीपी बस दुर्घटना हादसे में हमारे सात जवानों की जान चली गई है। गंभीर रूप से घायल आठ जवानों को इलाज के लिए श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट करके ले जाया गया है। अन्य जवानों का अनंतनाग के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। अनंतनाग अस्पताल में भर्ती बाकी जवानों की हालत स्थिर है।

 

यह भी पढ़ें:- अमूल और मदर डेयरी ने फिर बढ़ाए दूध के दाम

scroll to top