Close

बड़ा हादसा : लद्दाख में आर्मी का ट्रक खाई में गिरा, सेना के 9 जवान शहीद, PM मोदी, रक्षा मंत्री ने जताया दुख

 

नेशनल न्यूज़। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में शनिवार को सेना के एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से नौ सैनिकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के कियारी के पास हुई।

वहीं हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने कहा, लेह के पास दुर्घटना से दुख हुआ है। हमने भारतीय सेना के कर्मियों को खो दिया है। राष्ट्र के प्रति उनकी समृद्ध सेवा सदैव याद रखी जाएगी। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। जो लोग घायल हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों।

लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी डी नित्या ने कहा कि सेना के वाहन में 10 जवान सवार थे और यह वाहन लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि रास्ते में वाहन के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वाहन शाम 4.45 बजे खाई में गिर गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह में एक सड़क दुर्घटना में नौ सैनिकों की मृत्यु होने पर दुख व्यक्त किया।

रक्षा मंत्री सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे।” सिंह ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले और घायल हुए सैनिकों की संख्या का उल्लेख किए बिना कहा, ‘‘मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

एसएसपी नित्या ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल सैनिकों को सेना की चिकित्सा इकाई ले जाया गया जहां आठ कर्मियों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाद में एक और जवान की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि एक अन्य जवान का उपचार चल रहा है और उसकी हालत ”गंभीर” बताई गई है।

scroll to top