Close

उपचुनाव के वोटों की गिनती, मध्यप्रदेश की जोबट सीट पर भाजपा  को मिली जीत

राजस्थान में दोनों सीटें कांग्रेस के नाम, प. बंगाल में चारों सीट पर टीएमसी को बढ़त

देश में 3 लोकसभा और 13 राज्यों की 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश की जोबट विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत 6 हजार वोटों से जीत गई हैं। राजस्थान में कांग्रेस ने धारियावद और वल्लभनगर विधानसभा सीटें अपने नाम कर ली हैं। पश्चिम बंगाल में चारों विधानसभा सीट पर TMC ने जीत हासिल कर ली है, जिसने ममता बनर्जी के कद को और बढ़ा दिया है।

मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस कैंडिडेट प्रतिभा सिंह ने BJP उम्मीदवार रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोट से हरा दिया है। हिमाचल में तीनों विधानसभा सीटों पर भी कांग्रेस ने ही जीत हासिल कर ली है। वहीं, बिहार के तारापुर में JDU से ताज छिनता दिख रहा है। यहां 9वें राउंड तक की काउंटिंग में RJD कैंडिडेट अरुण कुमार साह 2684 वोट से आगे हो गए हैं। हरियाणा में इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला ने ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर लगातार चौथी बार जीत हासिल कर ली है।

इनके अलावा, राजस्थान में BJP के गढ़ धरियावद में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां अपने ही गढ़ में BJP तीसरे नंबर पर रही है। इधर, मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट पर BJP को बड़ी बढ़त मिल गई है। काउंटिंग के आंकड़े देखें, तो पृथ्वीपुर और जोबट सीटें BJP ने कांग्रेस से छीन ली हैं। वहीं, BJP की सीट रही रैगांव पर कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। इस तरह एमपी में BJP को एक सीट का फायदा होता दिखाई दे रहा है।

  • राजस्थान में कांग्रेस ने दोनों सीट जीतीं: राजस्थान में BJP के गढ़ धरियावद में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां अपने ही गढ़ में BJP तीसरे नंबर पर रही है। वल्लभनगर में भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
  • हरियाणा में ऐलनाबाद सीट इनेलो के नाम : हरियाणा की ऐलनाबाद सीट पर इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला ने कांग्रेस उम्मीदवार पवन बेनीवाल और भाजपा-जेपी उम्मीदवार गोविंद कांडा को हरा दिया है। यह सीट अभय के ही इस्तीफा देने से खाली हुई थी।
  • मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस जीती : हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की प्रतिभा सिंह ने BJP के रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोट से हरा दिया है। पहले यह सीट BJP के पास थी।
  • हिमाचल में कांग्रेस ने तीन सीट जीती : हिमाचल प्रदेश की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में भी कांग्रेस ने ही BJP को हराकर जीत हासिल कर ली है।
  • असम में BJP ने दो सीटें जीतीं: असम की थौरा विधानसभा सीट BJP ने जीत ली है। बाकी 4 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग अभी जारी है। वहीं, 4 बार विधायक रह चुके रूपज्योति कुर्मी ने मरियानी सीट जीत ली है। वे इसी साल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। कुर्मी को 55338 वोट, जबकि कांग्रेस के लोहित कौर को 15, 322 वोट मिले।
  • कर्नाटक में BJP ने एक सीट जीती: कर्नाटक की सिंदगी विधानसभा सीट पर BJP ने जीत दर्ज की है। यहां हंगल सीट पर कांग्रेस आगे चल रही है।
  • बंगाल में TMC एक सीट जीती, 3 पर आगे: पश्चिम बंगाल में TMC ने गोसाबा विधानसभा सीट जीत ली है। बाकी तीन विधानसभा सीटों दिनहाटा, शांतिपुर और खड़दह पर भी TMC कैंडिडेट आगे चल रहे हैं।
  • जीत के बाद जुलूस पर पाबंदी: चुनाव आयोग ने कहा है कि किसी भी कैंडिडेट को जुलूस निकालने की इजाजत नहीं दी गई है। रिटर्निंग अधिकारी से सर्टिफिकेट लेने के लिए भी जीतने वाले कैंडिडेट या उनके प्रतिनिधि के साथ दो से ज्यादा लोग नहीं जा सकेंगे।

दादरा-नगर हवेली में दिवंगत सांसद की पत्नी को बढ़त

देश की तीनों लोकसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों के निधन के चलते उपचुनाव हुए हैं। हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट BJP के रामस्वरूप शर्मा के निधन से, मध्यप्रदेश की खंडवा संसदीय सीट BJP के नंद कुमार सिंह चौहान के निधन से और दादरा और नगर हवेली सीट निर्दलीय मोहन डेलकर के निधन से खाली हुई थी। दादरा और नगर हवेली से शिवसेना कैंडिडेट आगे हैं। यहां 7 बार के निर्दलीय सांसद दिवंगत मोहन डेलकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उनकी पत्नी कलावती डेलकर चुनाव लड़ रही हैं।

राजस्थान: कांग्रेस ने दोनों सीट जीतकर BJP को सोचने पर किया मजबूर

राजस्थान के धरियावद में कांग्रेस के नगराज मीणा ने कुल 18 हजार वोटों से जीत हासिल की है। यहां दूसरे स्थान पर निर्दलीय चुनाव में उतरे थावरचंद मीणा रहे। वहीं, BJP तीसरे नंबर पर रही, जबकि ये सीट BJP का गढ़ मानी जाती है। इधर, वल्लभनगर में भी कांग्रेस की प्रीति शक्तावत ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने BJP के हिम्मत सिंह झाला को हराया है। वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत और धारियावाड़ से BJP विधायक गौतम लाल मीणा के निधन के कारण उपचुनाव हुए हैं।

वल्लभनगर में कांग्रेस पार्टी ने गजेंद्र सिंह शक्तावत की पत्नी प्रीति शक्तावत को टिकट दिया है। कांग्रेस ने धारियावद से नागराज मीणा को BJP प्रत्याशी खेत सिंह मीणा के खिलाफ मैदान में उतारा था। कांग्रेस की जीत से अशोक गहलोत का कद बढ़ा है और अब सचिन पायलट के नेतृत्व वाले कांग्रेस गुट को उनके खिलाफ थोड़ा नरम होना पड़ेगा।

मध्यप्रदेश: BJP चारों सीटों पर आगे, पृथ्वीपुर में कड़ा मुकाबला

जोबट और खंडवा में BJP जीत की ओर बढ़ रही है। जोबट में 14वें राउंड में BJP की सुलोचना रावत 11 हजार 227 वोटों से कांग्रेस के महेश पटेल से आगे चल रही है। खंडवा में भी 40 हजार से अधिक वोटों से BJP के ज्ञानेश्वर पाटिल कांग्रेस के राजनारायण सिंह पुरनी से बढ़त लिए हुए हैं। पृथ्वीपुर में BJP ने सातवां राउंड फिर जीत लिया है। रैगांव सीट पर नौवें राउंड में भी कांग्रेस की बढ़त बरकरार है।

जोबट से BJP ने सुलोचना रावत को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने कद्दावर नेता महेश पटेल को कैंडिडेट घोषित किया है। टीकमगढ़ जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने नितेंद्र राठौर को कैंडिडेट बनाया है। नितेंद्र पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे हैं। रैगांव विधानसभा सीट से BJP ने प्रतिमा बागरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने एक बार फिर से यहां कल्पना वर्मा को मैदान में उतारा है।

बिहार: एक सीट पर नीतीश को झटका, RJD को बढ़त

बिहार के कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में अभी कांटे की टक्कर चल रही है। दोनों सीटों पर कम अंतर से दोनों पार्टियां (RJD-JDU) आगे-पीछे हो रही हैं। उपचुनाव में NDA ने तारापुर से जेडीयू नेता और कुशवाहा जाति से आने वाले राजीव कुमार सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। इधर, RJD ने वैश्य जाति से आने वाले अरुण साव को कैंडिडेट घोषित किया है। कांग्रेस ने राजेश मिश्रा और LJP (रामविलास) ने चंदन कुमार को प्रत्याशी बनाया है।

कुशेश्वरस्थान से JDU ने दिवंगत नेता और पूर्व विधायक शशिभूषण हजारी के पुत्र अमन भूषण को प्रत्याशी बनाया है। RJD ने मुसहर जाति से ताल्लुक रखने वाले गणेश भारती को टिकट दिया है। कांग्रेस ने अतिरेक कुमार को मुकाबले में उतारा है। LJP (रामविलास) ने अंजू देवी को प्रत्याशी बनाया है।

हिमाचल में लोकसभा की एक, विधानसभा की 3 सीटें कांग्रेस के नाम

हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा और अर्की, फतेहपुर और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती पूरी हो गई है। मंडी लोकसभा सीट और तीनों विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में गई हैं, जो राज्य में सत्ताधारी BJP के लिए करारा झटका है। मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की प्रतिभा सिंह ने BJP के रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 8766 वोट से हरा दिया है। पहले यह सीट BJP के पास थी। प्रतिभा सिंह को कुल 365650 और ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह को 356884 वोट मिले। अर्की विधानसभा सीट पर कांग्रेस के संजय अवस्थी, जुब्बल-कोटखाई सीट पर रोहित ठाकुर और फतेहपुर सीट पर कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया ने जीत दर्ज की। उपचुनाव से पहले मंडी लोकसभा सीट और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट भाजपा के पास थी वहीं अर्की और फतेहपुर विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास थीं।

मंडी संसदीय सीट पर सुबह से ही कांग्रेस उम्मीदवार भारी दिखाईं दीं। सुबह 10.37 बजे तक कांग्रेस की प्रतिभा सिंह ने भाजपा उम्मीदवार पर 5455 वोटों की बढ़त बना ली थी। इससे पहले सुबह 9 बजे तक भी प्रतिभा सिंह भाजपा उम्मीदवार से 3 हजार वोटों से आगे थीं, लेकिन 9.30 बजे भाजपा कैंडिडेट 4099 वोटों से आगे निकल गए। हालांकि वे अपनी लीड बरकरार नहीं रख सके।

फतेहपुर से कांग्रेस के पूर्व मंत्री स्व. सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी सिंह पठानिया का मुकाबला बीजेपी के बलदेव ठाकुर के साथ था। अर्की विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने पीसीसी महासचिव संजय अवस्थी की टक्कर बीजेपी के रतन सिंह पाल के साथ थी। वहीं, जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक रोहित ठाकुर की बीजेपी की पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम सरकइक के साथ टक्कर थी।

हरियाणा: अभय चौटाला ने भाजपा के गोविंद कांडा को हराया

हरियाणा में केंद्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के नेता अभय चौटाला के विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव हुए। इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला ने कांग्रेस उम्मीदवार पवन बेनीवाल और भाजपा-जेपी उम्मीदवार गोविंद कांडा को हराकर जीत हासिल कर ली है। गोविंद कांडा हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख और विधायक गोपाल कांडा के भाई हैं।

चौटाला के लिए यह एक अहम मुकाबला था, क्योंकि अभय चौटाला चौथी बार यहां से लड़ रहे थे। इससे पहले अभय ने ऐलनाबाद से 2010 का उपचुनाव जीता था, जब ओम प्रकाश चौटाला ने सीट खाली कर दी थी और फिर 2014 में और 2019 के विधानसभा चुनावों में भी इसे बरकरार रखा था।

पश्चिम बंगाल: फिर चला ममता बनर्जी का खेला

पश्चिम बंगाल में 4 विधानसभा सीटों गोसाबा, खरदाहा, दिनहाटा, शांतिपुर में उपचुनाव के लिए काउंटिंग जारी है। चारों सीटों पर ममता की पार्टी की बढ़त बरकरार है। TMC के विधायकों के निधन के बाद खरदाहा और गोसाबा में उपचुनाव होना है। उधर, बीजेपी के सांसद निसिथ प्रमाणिक के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। वहीं, शांतिपुर से भाजपा विधायक जगन्नाथ सरकार के TMC में शामिल होने के बाद चुनाव हो रहा है।

असम में सबसे ज्यादा 5 सीटों पर मतदान

असम की पांच विधानसभा सीटों गुसाईंगांव, भबानीपुर, तामुलपुर, मरियानी और थोवरा सीटों पर उपचुनाव हुए। गुसाईंगांव और तामुलपुर के विधायकों के निधन के बाद वहां उपचुनाव की जरूरत पड़ी। वहीं भबानीपुर, मरियानी और थोवरा के विधायकों ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। यहां पांचों सीटों पर भाजपा को बढ़त मिली है।

कर्नाटक, आंध्र, महराष्ट्र और मिजोरम का हाल

कर्नाटक की सिंदगी सीट जद (एस) विधायक एमसी मनागुली और हंगल सीट से विधायक सीएम उदासी के निधन के बाद दोनों सीटों पर वोट डाले गए हैं। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के लिए यह पहली चुनावी परीक्षा होगी, जिन्होंने बीएस येदियुरप्पा की जगह ली थी। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश की बडवेल सीट (पहले YSRC के पास) महाराष्ट्र में देगलुर ( कांग्रेस के पास थी) और मिजोरम में तुइरियाल विधानसभा सीटों पर भी गिनती होगी।

तेलंगाना में भाजपा और TRS के बीच सीधी टक्कर

तेलंगाना के हुजूराबाद विधानसभा क्षेत्र में सत्तारूढ़ TRS, विपक्षी भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। जमीन हथियाने के आरोपों में राज्य मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद जून में एटाला राजेंदर के इस्तीफे की वजह से उपचुनाव हुआ था। आरोपों को खारिज करने वाले राजेंद्र ने TRS छोड़ दी थी। अब वे भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। परिणाम भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका उद्देश्य 2023 के विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ TRS के विकल्प के रूप में उभरना है।

 

 

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को धनतेरस की बधाई और शुभकामनाएं दी

One Comment
scroll to top