#प्रदेश #राष्ट्रीय

Ram Mandir CEO Interview: चोटी-जनेऊ से लेकर शराब और मांसाहार तक… उम्मीदवारों से पूछे गए आस्था से जुड़े सवाल

Advertisement Carousel

 

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति के लिए मंगलवार से इंटरव्यू शुरू हुए। लेकिन इस इंटरव्यू में सिर्फ प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता ही नहीं परखी गई, बल्कि उम्मीदवारों की धार्मिक आस्था और निजी जीवनशैली से जुड़े सवाल भी पूछे गए। उम्मीदवारों से पूछा गया कि वे चोटी रखते हैं या नहीं, जनेऊ पहनते हैं या नहीं, शाकाहारी हैं या मांसाहारी, शराब का सेवन करते हैं या नहीं और खुद को कट्टर हिंदू मानते हैं या केवल आस्था रखने वाला व्यक्ति।

चोटी रखते हैं? जनेऊ पहनते हैं? मांसाहारी हैं या शाकाहारी?

सूत्रों के अनुसार, करीब 40 से 50 मिनट चले इंटरव्यू में उम्मीदवारों से भगवान राम और हिंदू धार्मिक परंपराओं के प्रति उनकी आस्था को लेकर कई सवाल किए गए। उनसे पूछा गया कि वे चोटी रखते हैं या नहीं और जनेऊ धारण करते हैं या नहीं। इसके अलावा खान-पान को लेकर भी सवाल किए गए कि वे पूरी तरह शाकाहारी हैं या मांसाहारी।

शराब पीते हैं या नहीं, खुद को कितना धार्मिक मानते हैं?

उम्मीदवारों से यह भी पूछा गया कि क्या वे शराब का सेवन करते हैं और उनकी धार्मिक आस्था कितनी गहरी है। यहां तक कि उनसे यह जानने की कोशिश की गई कि वे खुद को ‘कट्टर हिंदू’ मानते हैं या सिर्फ आस्था रखने वाला व्यक्ति। हिंदू धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पहनावे और जीवनशैली को लेकर भी सवाल किए गए।

सिर्फ आस्था नहीं, नेतृत्व क्षमता भी परखी गई

इंटरव्यू में उम्मीदवारों की नेतृत्व क्षमता, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी तथा राम मंदिर के संचालन को लेकर उनकी सोच पर भी सवाल हुए। उनसे राम मंदिर के भविष्य के लिए विजन और कार्ययोजना के बारे में जानकारी ली गई।

5,200 आवेदनों में से 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट

CEO पद के लिए करीब 5,200 आवेदन मिले थे, जिनमें से 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। पहले दिन आठ उम्मीदवारों का इंटरव्यू हुआ। इनमें तीन पूर्व IAS अधिकारी, एक पूर्व IPS अधिकारी और चार पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल रहे।

तीन नामों की सिफारिश करेगी चयन समिति

तीन सदस्यीय चयन समिति 18 उम्मीदवारों में से तीन नामों का चयन करेगी। समिति में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज प्रमोद कोहली, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हवारे शामिल हैं। इन तीन नामों में से अंतिम चयन राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट करेगा।