Close

नया रायपुर में होगा कांग्रेस का महाधिवेशन, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे बड़े नेता

रायपुर। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का एक दल छत्तीसगढ़ पहुंचा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल, तारिक अनवर और महासचिव केसी वेणुगोपाल रायपुर में प्रस्तावित राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने आए हैं। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा पहले से ही रायपुर में हैं। सभी नेता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ नवा रायपुर के मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ली। बताया गया, नवा रायपुर के मेला स्थल पर महाधिवेशन की बैठकें होंगी। अंतिम दिन एक आम सभा होगी। इसके लिए पुरखौती मुक्तांगन में व्यवस्था की जा रही है।

कांग्रेस ने महाधिवेशन के लिए जो आयोजन समिति बनाई है। पवन बंसल को उसका अध्यक्ष बनाया गया है। तारीक अनवर उस समिति के संयोजक हैं। वहीं केसी वेणुगोपाल और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उस समिति के सदस्य हैं। इस आयोजन समिति का पहला दौरा रविवार सुबह शुरू हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित मंत्रियों-पदाधिकारियों ने उनका हवाई अड्‌डे पर स्वागत किया। वहां से सभी लोग नवा रायपुर के मेफेयर रिसॉर्ट पहुंचे। वहां महाधिवेशन की तैयारियों से जुड़े पदाधिकारियों और अफसरों ने एक ब्रीफिंग दी। उसके बाद सभी नेता मेला स्थल पहुंच गये। वहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके अधिकारियों ने आयोजन स्थल के पूरे नक्शे के साथ पूरे योजना की जानकारी दी। नेताओं ने पुरखौती मुक्तांगन का भी दौरा किया। इस दौरान केसी वेणुगोपाल और पवन बंसल ने पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर अपने सुझाव भी रखे।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया, 24, 25 और 26 फरवरी को मेला ग्राउंड के मुख्य स्थल पर महाधिवेशन की बैठकें होंगी। इसमें देश भर के 10 से 15 हजार प्रतिनिधि शामिल होंगे। अंतिम दिन यानी 26 फरवरी की शाम को एक आम सभा होगी। इसके लिए पुरखौती मुक्तांगन में पांडाल बनाया जा रहा है। इस सभा में एक लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान है। व्यवस्था भी उसी के मुताबिक की जा रही है।
बताया जा रहा है, महाधिवेशन के लिए चल रहे तैयारियों की समीक्षा बैठक होगी। इसमें अलग-अलग काम के लिए लोगों की समिति को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है। नेताओं को जिम्मेदारी बांटी जाएगी। समीक्षा के बाद शाम को तीनों नेता वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन 24 से 26 फरवरी तक रायपुर में होना है। इसके आयोजन के लिए नवा रायपुर के मेला स्थल को चुना गया है। यह वही जगह है जहां पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौर में राज्योत्सव का आयोजन होता रहा है। इस जगह पर अधिवेशन के लिए टेंट पर पूरा शहर बसाया जा रहा है। वहीं मुख्य मंच की भी साज-सज्जा जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो बार तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। पूरा प्रदेश संगठन इसकी तैयारियों में लगा है।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 85वां अधिवेशन रायपुर में किए जाने को लेकर पिछले दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था- यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल होगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस अधिवेशन में पूरे देश से कांग्रेसी पहुंचेंगे। हर राज्य की कांग्रेस कमेटी के बड़े नेता शामिल होंगे।

इसके अलावा ए आई सी सी के तमाम दिग्गज भी छत्तीसगढ़ पहुचेंगे। इसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकती हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द ही इसकी तैयारियों को लेकर एक हाईलेवल मीटिंग के बाद तारीखों का ऐलान करेगी। पिछली बार दिल्ली में आयोजित हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में 12 हजार के आस-पास लोग देशभर से पहुंचे थे। इस बार भी 10 हजार से अधिक कांग्रेस नेताओं के रायपुर पहुंचने की संभावना है।
साल 2018 में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का 84वां अधिवेशन नई दिल्ली में आयोजित हुआ था। मार्च के महीने में हुए उस अधिवेशन में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 261 पीसीसी डेलिगेट और 49 एआईसीसी डेलिगेट दिल्ली गए थे। तब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेश बघेल थे। अब उन्हें और प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को इस अधिवेशन की मेजबानी करने का मौका मिलेगा।

scroll to top