Close

सिक्किम : नाथुला में हुए एवलॉन्च में में 7 की मौत,बर्फ में दबे 23 लोगों को बचाया गया

नेशनल न्यूज़। मंगलवार को पूर्वी सिक्किम के नाथुला इलाके में हुए भीषण एवलॉन्च में सात पर्यटकों की मौत हो गई और उनके वाहन बर्फ के नीचे दफन हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। थलसेना ने एक बयान में कहा कि हिमस्खलन से जवाहरलाल नेहरू मार्ग प्रभावित हुआ, जो राज्य की राजधानी गंगटोक को चीनी सीमा पर स्थित नाथुला से जोड़ता है। पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे हुए हिमस्खलन में करीब 30 लोगों के साथ पांच-छह वाहन बर्फ के नीचे फंसे गये। राज्य सरकार के

एक अधिकारी ने सेना से प्राप्त रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि शाम चार बजे तक सात शवों को बर्फ से निकाला जा चुका था और 23 लोगों को जीवित निकाल लिया गया, जिनमें एक गहरी खाई से निकाले गये छह पर्यटक भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि किसी और फंसे हुए व्यक्ति का पता लगाने के लिए इलाके में सेना, राज्य आपदा प्रबंधन दलों तथा पुलिस द्वारा तलाश अभियान जारी है। घायलों को यहां से 55 किमी दूर स्थित गंगटोक के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण शाम में खोजबीन अभियान रोक दिया गया।

एवलॉन्च में हुई मौतों पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हें। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मोदी के हवाले से किए गए एक ट्वीट में कहा, ‘‘सिक्किम में हुए हिमस्खलन से व्यथित हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।”

scroll to top