Close

अमरनाथ यात्रा : बारिश ने फिर रोकी यात्रा, भूस्खलन के कारण जम्मू से दूसरे दिन भी रवाना नहीं हुआ जत्था

जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह भूस्खलन की घटनाओं के चलते रविवार को लगातार दूसरे दिन भी जम्मू से श्री अमरनाथ यात्रियों का जत्था रवाना नहीं हो पाया। ऐसे में जम्मू में अमरनाथ यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है। प्रशासन ने यात्री निवास और धर्मशालाओं समेत 32 स्थानों पर तीर्थ यात्रियों को ठहराया हुआ है।

हालांकि मौसम में सुधार आने पर पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों में ठहराए गए तीर्थ यात्रियों को पवित्र गुफा की तरफ रवाना किया गया है। 2 दिन से यात्रा को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिलने की वजह से बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों में ही करीब 20,000 तीर्थ यात्री रुके हुए थे। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग में रामबन और बनिहाल में कई स्थानों पर लगातार तीसरे दिन भी भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। ऐसे में बड़ी संख्या में वाहन और यात्री बीच रास्ते में ही रुके हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब हालत को देखते हुए प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर के पुराने मार्ग को खोलने के प्रयास तेज करने के अलावा राजौरी और पुंछ जिलों में कश्मीर से जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड को भी यातायात के लिए बहाल किया है ताकि अगर जरूरत पड़े तो मुगल रोड के माध्यम से भी श्री अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को रवाना किया जा सके।

scroll to top