Close

राष्ट्रमंडल खेल : 13 मेडल के साथ छठे पायदान पर है भारत

बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल 2022 के पांच दिनों में अब तक 128 गोल्ड मेडल्स का फैसला हो चुका है।  हालांकि भारत के हिस्से महज 5 गोल्ड ही आए हैं।  इन 5 स्वर्ण पदकों के साथ-साथ भारतीय खिलाड़ियों ने 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किए हैं।  कुल 13 पदकों के साथ भारत फिलहाल राष्ट्रमंडल खेल 2022 की मेडल टैली में छठे पायदान पर है।

भारत के ये 13 मेडल विनर –

राष्ट्रमंडल खेल 2022: दूसरा दिन 

1. संकेत महादेव सागर (सिल्वर मेडल)
राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत को अपना पहला पदक वेटलिफ्टर संकेत महादेव सरगर ने दिलाया।  राष्ट्रमंडल खेल के दूसरे दिन उन्होंने पुरुषों के 55kg भारवर्ग में स्नैच में 113kg और क्लीन एंड जर्क में 135kg यानी कुल 248kg वजन उठाकर सिल्वर अपने नाम किया।  वह गोल्ड मेडलिस्ट वेटलिफ्टर मलेशिया के मोहम्मद अनिक से महज 1kg पीछे रहे।

2. गुरुराज पुजारी (ब्रॉन्ज मेडल)
भारत को दूसरा मेडल वेटलिफ्टर गुरुराजा पुजारी ने दिलाया। उन्होंने पुरुषों के 61kg भारवर्ग में 269kg वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

3. मीराबाई चानू (गोल्ड मेडल)
ओलंपिक मेडलिस्ट मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेल में भारत को पहला गोल्ड दिलाया।  उन्होंने 49kg कैटगरी में कुल 201kg वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।  मीराबाई ने स्नैच में 88kg और क्लीन एंड जर्क में 113kg वजन उठाया।

4. बिंदियारानी देवी (सिल्वर मेडल)
महिलाओं के 55 किलोग्राम भारवर्ग कैटगरी में वेटलिफ्टर बिंदियारानी देवी ने भारत को सिल्वर दिलाया।  उन्होंने स्नैच में 86kg और क्लीन एंड जर्क में 116kg वजन यानी कुल 202kg वजन उठाकर सिल्वर अपने नाम किया।  वह महज 1kg से गोल्ड चूंक गईं।

राष्ट्रमंडल खेल 2022: तीसरा दिन 

5. जेरेमी लालरिनुंगा (गोल्ड मेडल)
जेरेमी लालरिनुंगा ने राष्ट्रमंडल खेल में भारत को दूसरा गोल्ड मेडल दिला दिया है।  उन्होंने 67 किलोग्राम कैटगरी में 300kg वजन उठाकर स्वर्ण अपने नाम किया।  वह सिल्वर मेडलिस्ट वाइपावा लोअने (293kg) से 7kg ज्यादा वजन उठाकर चैंपियन बने।

6. अचिंता शिउली (गोल्ड मेडल)
अचिंता शिउली ने पुरुषों के 73 किलोग्राम भार वर्ग में स्नैच राउंड में 143 किलो और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलो वजन उठाया. इस तरह उन्होंने कुल 313 किलो वजन उठाकर भारत की झोली में तीसरा गोल्ड डाल दिया।

राष्ट्रमंडल खेल 2022: चौथा दिन 

7. सुशीला देवी (सिल्वर मेडल)
सुशीला देवी लिकमाबाम ने जूडो के 48 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीता।  फाइनल में सुशीला का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका की मिचेला व्हाइटबोई से था, जहां उन्हें अतिरिक्त समय में हार का सामना करना पड़ा।

8. विजय कुमार यादव (ब्रॉन्ज मेडल)
विजय कुमार यादव ने जूडो में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया।  वह पुरुषों के 60 किलो वर्ग में क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया के जोशुआ से हार गए थे।  इसके बाद रेपचेज मुकाबलों में उन्हें मौका मिला और यहां उन्होंने कांस्य पदक जीत लिया।  विजय ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में साइप्रस के प्रेटो को 10-0 से मात दी।

9. हरजिंदर कौर (ब्रॉन्ज मेडल)
वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने महिलाओं के 71kg भारवर्ग में कुल 212 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।  हरजिंदर ने स्नैच में 93 और क्लीन एवं जर्क में 119 किग्रा का भार उठाया।

राष्ट्रमंडल खेल 2022: पांचवां दिन 

10. महिला लॉन बॉल्स टीम (गोल्ड)
लॉन बॉल्ड के महिला फोर इवेंट में भारतीय टीम ने पहली बार गोल्ड जीता।  लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया, रूपा रानी ने भारत को यह पदक दिलाया. फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 17-10 से मात देकर गोल्ड जीता।

11. पुरुष टेबल टेनिस टीम (गोल्ड)
पुरुष टेबल टेनिस टीम के फाइनल मुकाबले में भारत ने सिंगापुर को 3-1 से हराकर गोल्ड जीता।  शरद कमल, जी साथियान और हरमीत देसाई की तिकड़ी ने भारत को यह गोल्ड दिलाया।  यहां शरद कमल अपना सिंगल मुकाबला हार गए थे लेकिन साथियान और हरमीत ने अपने-अपने सिंगल्स मुकाबले और एक डबल्स मुकाबल जीतकर भारत को स्वर्ण पदक दिला दिया।

12. विकास ठाकुर (सिल्वर)
वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने पुरुषों के 96 किलो भारवर्ग में सिल्वर जीता।  विकास ने स्नैच में 155 और क्लीन एंड जर्क में 191 किलो वजन उठाया, कुल 346 किलो वजन के साथ वह दूसरे पायदान पर रहे।

13. मिक्स्ड बैडमिंटन टीम (सिल्वर)
मिक्स्ड बैडमिंटन टीम इवेंट के फाइनल में भारत को मलेशिया से 1-3 से हार मिली और उसे सिल्वर से संतोष करना पड़ा।  यहां सात्विक साईराज रेंकी रेड्डी और चिराग शेट्‌टी की जोड़ी को हार मिली।  इसके बाद ट्रीजा जॉली और गायत्री गोपीचंद की महिला जोड़ी भी हार गई।  किदांबी श्रीकांत को भी हार का सामना करना पड़ा, एकमात्र पीवी सिंधु ने अपना मुकाबला जीता।

यह भी पढ़ें:- राष्ट्रमंडल खेल : महिला लॉन बॉल्स टीम ने भारत को दिलाया चौथा गोल्ड

2 Comments
scroll to top