Close

Bihar Crisis: नीतीश कुमार आठवीं बार बने मुख्यमंत्री, तेजस्वी ने भी ली डिप्टी सीएम पद की शपथ

पटना। बिहार में कुछ दिनों की राजनीतिक उठापटक के साथ भाजपा और जेडीयू का गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बन गई है। दोपहर दो बजे राजभवन में नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री की शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें गोपनीयता की शपथ दिलाई है। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने बी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इधर भाजपा आज सभी जिलों में जद (यू) नेता द्वारा विश्वासघात के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध (महाधरना) शुरू कर दी। वहीं आगे ब्लॉक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। बि

नीतीश ने की लालू से फोन पर बात
शपथ से पहले बिहार के मनोनीत सीएम नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को फोन किया। उनके शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी राजनीतिक घटनाक्रमों से अवगत कराया। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बधाई दी और उनके फैसले की सराहना की।

भाजपा ने सहयोगी दल को कभी नहीं तोड़ा: सुशील कुमार मोदी
बिहार में गठबंधन टूटने के बाद राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने प्रेस वार्ता कर एक-एक आरोप का जवाब दिया। मोदी ने कहा कि अमित शाह ने मंत्रालय के लिए नीतीश कुमार को फोन किया था। नीतीश कुमार ने ही आरसीपी सिंह का नाम दिया था। मान लीजिए अगर हमने मंत्री बना दिया था तो नीतीश ने उस समय विरोध क्यों नहीं किया? यह सरासर गलत आरोप है कि भाजपा ने नीतीश जी से बिना पूछे आरसीपी को मंत्री बना दिया। भाजपा ने नीतीश कुमार को पांच साल तक मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा ने नीतीश का हमेशा सम्मान किया।

जीतन राम मांझी नाराज
इधर एक और बड़ी खबर आ रही है कि जीतन राम मांझी मंत्रालय को लेकर नाराज चल रहे हैं। मांझी का कहना है कि सभी मंत्री आज ही शपथ लें और मंत्रालय के बंटवारा पर भी स्थिति स्पष्ट हो।

‘अच्छा सिला दिया तूने हमलोगों के प्यार का’: शाहनवाज हुसैन
भाजपा नेता और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश जी के साथी अच्छे नहीं हैं। …’अच्छा सिला दिया तूने हम लोगों के प्यार का’ ये तो बड़ी गलत बात है। जब भी मिले कभी आभास नहीं हुआ कि वे छोड़ कर जाएंगे। लोकसभा के चुनाव में 40 सीट भाजपा जीतेगी।

विधानसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी
नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनते ही महागठबंधन की तरफ से विधानसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं नीतीश की पलट नीति के खिलाफ आज भाजपा सड़क पर उतर गई है।

नीतीश की सोची समझी साजिश थी: तारकिशोर प्रसाद
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि 2017 में नीतीश आरजेडी से अलग हुए तो उन्होंने कहा कि आरजेडी हमारे दल को तोड़ रही है, फिर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वे अलग हुए। कल भी यही कहा कि भाजपा JDU को तोड़ रही है। इससे समझ आता है कि ये सोची समझी साजिश है। बता दें कि भाजपा ने नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

15 साल तक अराजकता से समझौता करने का क्या मतलब है? : नित्यानंद
बिहार से भाजपा सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि 1974 के आंदोलन (बिहार आंदोलन) में, युवाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी। नीतीश कुमार ने कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन करके उनके खून को धोखा दिया। 15 साल लंबे आतंक और अराजकता से समझौता करने का क्या मतलब है? उन्होंने कहा कि राजद और तेजस्वी यादव के साथ जाना बिहार की जनता और जनादेश, लोहिया-जेपी-जॉर्ज की विचारधाराओं के साथ विश्वासघात है। कांग्रेस-राजद के साथ जाना यह साबित करता है कि नीतीश कुमार सत्ता में रहने के लिए सब कुछ करते हैं।

2017 से लेकर 2020 तक के जनादेश की घर वापसी: मनोज झा
आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा कि ये सरकार सिर्फ शपथ नहीं लेने जा रही है बल्कि 2017 से लेकर 2020 तक के जनादेश की घर वापसी हो रही है। ये बहुत महत्वपूर्ण है ऐसे दौर में जब मौजूदा भाजपा ने ये तय कर लिया है कि लोकतांत्रिक मूल्यों को क्षत-विक्षत करना है। बिहार ने एक संदेश दिया है।

नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार और कांग्रेसवाद का पक्ष लिया: रविशंकर प्रसाद
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार गैर कांग्रेसी नेता रहे हैं। उनकी राजनीति गैर-कांग्रेसवाद के इर्द-गिर्द है। क्या यह खत्म हो गया है? भ्रष्टाचार और गैर-कांग्रेसवाद से समझौता! नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार और कांग्रेसवाद का पक्ष लिया। बधाई हो। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता आपको जवाब देगी।

सांप आपके घर घुस गया है लालू जी: गिरिराज सिंह
भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने लालू यादव के पुरान ट्वीट को रीट्वीट करते हुए राजद पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि सांप आपके घर घुस गया है लालू जी। दरअसल, 2017 में नीतीश जब आरजेडी से अलग हुए थे तब लालू ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि नीतीश सांप है। जैसे सांप केंचुल छोड़ता है वैसे ही नीतीश भी केंचुल छोड़ता है और हर 2 साल में सांप की तरह नया चमड़ा धारण कर लेता है।किसी को शक?

बिहार में नीतीश मंत्रिमंडल का नया फॉर्मूला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार में 35 विधायक मंत्री बन सकते हैं। जिनमें 16 आरजेडी, 13 जदयू के हो सकते हैं जबकि एक हम के और दो कांग्रेस के मंत्री बन सकते हैं। यानी कि इस बार भी नीतीश मंत्रिमंडल में आरजेडी का दबदबा होगा।

यह नीतीश का सफेद झूठः सुशील मोदी
सुशील मोदी बोले, आरसीपी सिंह के जरिए जद (यू) को तोड़ने की बात सफेद झूठ
भाजपा सांसद सुशील मोदी ने कहा, यह सफेद झूठ है कि भाजपा ने नीतीश कुमार की सहमति के बिना आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री बनाया और वह जद (यू) को तोड़ना चाहती थी।

नई सरकार में कांग्रेस को चार मंत्री पद मिलने की संभावना
सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि बिहार में नई सरकार में कांग्रेस को चार मंत्री पद मिलने की संभावना है। सूत्रों ने कहा कि कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों से बात की। समझा जाता है कि उन्होंने नई सरकार के गठन में समर्थन देने के लिए कांग्रेस नेतृत्व को धन्यवाद दिया। सूत्रों ने कहा कि चार मंत्री पदों के अलावा कांग्रेस ने राज्य विधानसभा के अध्यक्ष का पद भी मांगा है, लेकिन नीतीश कुमार इसे देने के इच्छुक नहीं हैं।

scroll to top