Close

कांग्रेस 18 दिसंबर को क्राउड फंडिंग अभियान ’डोनेट फॉर देश’ की करेगी शुरुआत

रायपुर। कांग्रेस पार्टी चंदा जुटाने के लिए क्राउड फंडिंग अभियान की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस ने इस अभियान का नाम ’डोनेट फॉर देश’ रखा है। 18 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दिल्ली से इसकी शुरुआत की जाएगी। इस आशय की जानकारी कांग्रेस के प्रभारी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और कोषाध्यक्ष अजय माकन ने दिया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के 138 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस पार्टी देशवासियों से 138 रुपये के गुणक (जैसे, 138 रुपये, 1,380 रुपये, 13,800 रुपये, या अधिक) दान करने के लिए अनुरोध करती है, ताकि कांग्रेस पार्टी एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके। कांग्रेस ने इस ऑनलाइन क्राउडफंडिंग के लिए दो चैनल बनाए हैं। इनमें एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल donateinc.in और आधिकारिक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस वेबसाइट www.inc.in शामिल हैं।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह अभियान मुख्य रूप से कांग्रेस के स्थापना दिवस 28 दिसंबर तक ऑनलाइन होगा, जिसके बाद यह अभियान जमीनी अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत पार्टी से जुड़े स्वयंसेवी घर-घर जाएंगे और प्रत्येक बूथ में कम से कम 10 घरों को लक्षित करके हर घर से कम से कम 138 रुपये का अंशदान सुनिश्चित करेंगे।

 

scroll to top