Close

राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में पड़ रही सर्दी

राजधानी दिल्ली

राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों गलाने वाली सर्दी पड़ रही है। दिल्ली में जहां तापमान 3 डिग्री तक लुढ़क गया है तो वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में पारा माइनस में है। दिल्ली-एनसीआर में जहां रविवार को धूप निकली, वहीं आज सूर्यदेव ने दर्शन तक नहीं दिए। इस बीच राजस्थान के माउंट आबू में तापमान गिरने के कारण बर्फ की परत जम गई है। वहां मैदानों, वाहनों के शीशे पर बर्फ जम गई। आइए बताते हैं देश के अलग-अलग शहरों में आज कितना तापमान है।

दो दिन तक दिल्ली में चलेगी शीतलहर

मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन तक दिल्ली में शीत लहर चलेगी। क्रिसमस के दिन पूरी दिल्ली शीतशहर की वजह से ठिठुर रही है। अभी सोमवार को भी शीतलहर चली। साथ ही घना कोहरा भी छाया रहेगा। सोमवार के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री बढ़ोतरी होने से ठंड में थोड़ी राहत मिल सकती है। आज दिल्ली में हवा की गुणवत्ता भी बेहद खराब बताई जा रही है और अगले तीन दिनों तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी की रहने वाली है।

राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज की

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार को शीतलहर चली और घने कोहरे के कारण शहर के कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर पर पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि 10 ट्रेनें डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही हैं। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में रविवार को एक ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, एक ‘ठंडा दिन’ तब माना जाता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जाए।

वही आपको बता दें कि अब भारतीय मौसम विभाग ने अब 30-12-2022 तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। जहां दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। वही 27 -12-2022 को हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही 28-12 से 31-12-2022 तक अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम पारा 7 डिग्री तक रहने की संभावना है।

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को कड़ाके की ठंड रही और घना कोहरा छाया रहा। दोनों राज्यों में नारनौल सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 7.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्य की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनत तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में छह डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 8.8 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 3.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

यह भी पढ़े:-छत्तीसगढ़ पुलिस के निजात अभियान को मिली अंतर्राष्ट्रीय पहचान,अमेरिका के प्रतिष्ठित आईएसीपी 2022 अवार्ड के लिए हुआ चयन

One Comment
scroll to top