Close

नई सुविधाः गुगल मैप्स पर दिखेगी अब भारत में सड़कों और गलियों की वास्तविक स्थिति

नई दिल्ली। गूगल ने भारत में नई सुविधा की शुरूआत कर दी है। इससे आप कहीं की भी सड़कों की वास्तविक स्थिति का पता लगा सकते हैं। इसके तहत गूगल स्ट्रीट व्यू फीचर की शुरुआत कर दी है।

गूगल ने बयान जारी कर यह जानकारी दी है। उनके अनुसार गूगल मैप्स पर अब 10 शहरों की सड़कों और गलियों की वास्तविक तस्वीरें देखी जा सकेंगी। साल के अंत तक इस सेवा का 50 से अधिक शहरों में विस्तार करने की योजना है। इस फीचर से घर बैठे किसी लैंडमार्क का पता लगाया जा सकेगा।

यह फीचर ट्रैफिक पुलिस की मदद से स्पीड लिमिट, किसी रोड के बंद होने या उसमें चल रहे काम की जानकारी और ट्रैफिक लाइट दिखाने में भी मदद करेगा। गूगल मैप्स पर जूम और टैप कर यह जानकारी हासिल की जा सकेगी। गूगल ने इसके लिए दो भारतीय कंपनियों जेनेसिस इंटरनेशनल और टेक महिंद्रा के साथ भागीदारी की है।

पहले बेंगलुरु से की गई शुरुआत
इस सुविधा की शुरूआत बुधवार को बेंगलुरू से कर दी गई है। अब यह फीचर हैदराबाद और कोलकाता में शुरू होगा। कुछ दिनों में स्ट्रीट व्यू को चेन्नई, दिल्ली, मुंबई, पुणे, नासिक, वडोदरा, अहमदनगर और अमृतसर में शुरू कर दिया जाएगा। यह फीचर 1.50 लाख वर्ग किमी क्षेत्र को कवर करेगा।

नहीं मिल रही थी अनुमति
सरकार ने पूर्व में सुरक्षा कारणों से इस फीचर को अनुमति नहीं दी थी। अब तक गूगल मैप्स पर उपग्रह से ली गई तस्वीरें होती थीं।

जानें क्या है फीचर
गूगल स्ट्रीट व्यू एक ऐसी तकनीक है, जो गूगल मैप्स और गूगल अर्थ एप के जरिये सड़कों पर स्थित स्थानों से इंटरैक्टिव पैनोरमा देती है। इसकी शुरुआत सबसे पहले 2007 में अमेरिका में की गई थी। तब से दुनियाभर के कई शहरों में इसका विस्तार किया जा रहा है। गूगल मैप्स में जिन सड़कों की फोटो मिल चुकी हैं, उन सड़कों को ब्लू लाइन के रूप में दिखाया जाता है।

scroll to top