Close

बड़ी खबर : मैनपाट में ठंड से एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, शराब के नशे में रात भर सोए रहे सड़क किनारे

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट में बीती रात ठंड से एक ग्रामीण युवक की मौत हो गई एवं उसके साथी की हालत गंभीर है। दोनों शराब के नशे में मैनपाट के रोपाखार में अंबिकापुर मुख्यमार्ग के किनारे सो गए थे। प्रथम दृष्टया दोनों कड़ाके की ठंड में हाइपोथर्मिया का शिकार हो गए। गंभीर रूप से पीड़ित ग्रामीण को मेडिकल कालेज अंबिकापुर रिफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मैनपाट अंतर्गत ग्राम करम्हा निवासी बनवारी राम 50 वर्ष एवं उदयपुर निवासी भोलू राम 32 वर्ष अपने एक अन्य साथी के साथ शुक्रवार को मैनपाट में सेंट्रल बैंक पहुंचे थे। वहां से पैसे निकालने के बाद तीनों ने मैनपाट में जमकर शराब पी। भोलू राम का करम्हा में ससुराल है। वह अपने ससुराल गांव आया था और अन्य लोगों के साथ मैनपाट पहुंचा था। सरगुजा में मनाए जा रहे छेरता त्यौहार के कारण महुआ शराब उन्हें आसानी से उपलब्ध हो गया। तीनों शराब पीने के बाद मैनपाट-अंबिकापुर मुख्यमार्ग पर आए। रोपाखार पेट्रोल पंप के पास बनवारी राम व भोलू राम दोनों सड़क किनारे खुले में सो गए।

ठंड लगने से हो गई मौत
रोपाखार में लोगों ने सुबह दो लोगों को सड़क किनारे पड़ा देखा। जब वे पास पहुंचे तो भोलू की गंभीर हालत थी और वह ठंड से कांप रहा था। वहीं बनवारी की मौत हो चुकी थी। सूचना पर कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी विजय प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से भोलू राम को अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में मेडिकल कालेज अस्पताल रिफर कर दिया गया है। चिकित्सक ने बताया कि वह हाइपोथर्मिया का शिकार हो गया है। ग्रामीण की मौत भी हाइपोथर्मिया के कारण हुई है। हालांकि दोनों ने गर्म कपड़े पहने थे, लेकिन मैनपाट की ठंड में वे अपर्याप्त थे। पुलिस उनके साथ करम्हा से आए तीसरे ग्रामीण की तलाश कर रही है।

मैनपाट में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री- सरगुजा में सर्द हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस दौरान अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री एवं मैनपाट क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि तेज हवाओं के कारण ज्यादा पाला नहीं पड़ा है। मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर पाला पड़ा है। सरगुजा में बादलों के छंटने के बाद उत्तरी सर्द हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

scroll to top