Close

आज का इतिहास 8 फरवरी : कपिल देव ने लिया था 432वां विकेट, रिचर्ड हेडली का रिकॉर्ड तोड़ बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

8 फरवरी 1994 का दिन था। मैदान था अहमदाबाद का मोटेरा स्टेडियम। भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का तीसरा व अंतिम टेस्‍ट मैच खेला जा रहा था। कपिल देव के पास एक बेहद खास उपलब्धि दर्ज करने का मौका था। उन्‍हें इसके लिए महज एक विकेट की दरकार थी। श्रीलंकाई कप्‍तान अर्जुन रणतुंगा ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला लिया।

श्रीलंका की शुरुआत अच्‍छी नहीं रही। ओपनर रोशन महानामा को लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने LBW आउट करके श्रीलंका को पहला झटका दिया। मैच शुरू हुए एक घंटा बीत चुका था और फैंस को कपिल देव की उपलब्धि का इंतजार था, जो खत्‍म नहीं हो रहा था।

समय सुबह करीब 10 बजकर 34 मिनट हो रहा था। तभी ऐतिहासिक पल आया। कपिल देव ने हसन तिलकरत्‍ने को कैच शॉर्ट लेग पर संजय मांजरेकर के हाथों कराकर इतिहास रच दिया। यह टेस्‍ट क्रिकेट में कपिल देव का 432वां विकेट था। उन्‍होंने रिचर्ड हेडली के 431 विकेट के वर्ल्‍ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया था।

दूरदर्शन ने लाइव प्रसारण रोककर बजाया था खास गाना
रिचर्ड हेडली का रिकॉर्ड तोड़ते ही कपिल के सम्मान में पूरा स्टेडियम खड़ा हो गया। इसके बाद मैदान के ऊपर हवा में 432 गुब्बारे उड़ाए गए। वहीं एक और रोचक वाकया हुआ। कपिल देव की ओर से वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करते ही दूरदर्शन ने अपना ब्रॉडकास्ट रोककर एक खास गाना चलाया, ‘हकीकत है या ख्वाब नहीं, कपिल देव त्वाड्डा जवाब नहीं।’

देश के पहले मुस्लिम राष्ट्रपति जाकिर हुसैन का जन्म
8 फरवरी 1897 को देश के पहले मुस्लिम राष्ट्रपति डॉक्टर जाकिर हुसैन का जन्म हुआ था। तारीख थी 6 मई 1967। देश के तीसरे राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आने वाले थे। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ पूरा विपक्ष था। कांग्रेस की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे डॉ. जाकिर हुसैन। विपक्ष की तरफ से उम्मीदवार थे के. सुब्बाराव। पूरा विपक्ष डॉ. जाकिर हुसैन के खिलाफ एकजुट हो चुका था। उस समय देश में एक अलग माहौल भी बन गया था, क्योंकि उस वक्त जनसंघ की तरफ से ये संदेश देने की कोशिश भी हुई कि एक मुस्लिम को देश के राष्ट्रपति के तौर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उस दिन शाम को ऑल इंडिया रेडियो का प्रसारण बीच में रोक दिया गया। राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों की घोषणा होनी थी। रेडियो पर बताया गया कि कुल 8 लाख 38 हजार 170 वोटों में से 4 लाख 71 हजार 244 वोट हासिल करके जाकिर हुसैन राष्ट्रपति का चुनाव जीत चुके हैं। के. सुब्बाराव को 3 लाख 63 हजार 971 वोट मिले। उस दिन देश को पहला मुस्लिम राष्ट्रपति मिला।

3 मई 1969 को अचानक हुआ निधन
डॉ. जाकिर हुसैन की तबीयत अक्सर खराब रहा करती थी। 1957 में जब प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू उनके पास बिहार के राज्यपाल पद का प्रस्ताव लेकर गए, तो उन्होंने तबीयत खराब होने की वजह से पहले तो मना कर दिया, लेकिन बाद में नेहरू के आग्रह करने पर मान गए।

कहा जाता है कि जाकिर हुसैन का हर दिन मेडिकल चेकअप हुआ करता था। 3 मई 1969 की सुबह उनका मेडिकल चेकअप होना था। ठीक पौने 11 बजे डॉक्टर उनका चेकअप करने पहुंच गए। तब उन्होंने कहा कि वो बाथरूम से लौटकर चेकअप करवाएंगे, लेकिन जब आधे घंटे तक दरवाजा नहीं खुला, तो उनके असिस्टेंट ने दरवाजा खटखटाया। जाकिर हुसैन का निधन हो चुका था। उनके सम्मान में देश की सारी सरकारी इमारतों का तिरंगा झुका दिया गया। देश का पहला मुस्लिम राष्ट्रपति अपना कार्यकाल भी पूरा नहीं कर सका।

भारत और दुनिया में 8 फरवरी की महत्वपूर्ण घटनाएं इस प्रकार हैं
2008: ओडिशा के शिशुपालगढ़ में खुदाई के दौरान ढाई हजार साल पुराना शहर मिला।

2005: इजराइल और फिलिस्तीन के बीच संघर्ष विराम पर सहमति बनी।

1986ः दिल्ली एयरपोर्ट पर पहली बार प्रीपेड टैक्सी सर्विस शुरू हुई।

1971: दुनिया के पहले इलेक्ट्रॉनिक शेयर बाजार नैस्डैक की शुरुआत हुई।

1943ः सुभाष चंद्र बोस जर्मनी से एक नौका के जरिए जापान रवाना।

1941: गजल गायक जगजीत सिंह का जन्म।

1872: अंडमान-निकोबार में कालापानी की सजा काट रहे शेर अली ने वायसराय लॉर्ड मेयो की हत्या कर दी।

 

scroll to top