Close

एक साल में 35 हजार कृषि पम्पों को ऊर्जीकृत कर रचा कीर्तिमानः अंकित आनंद

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पाॅवर कंपनी मुख्यालय, विद्युत सेवा भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया गया। पाॅवर कम्पनी के अध्यक्ष अंकित आनंद (आईएएस) ने ध्वजारोहण किया। वहीं सतर्कता एवं सुरक्षा विभाग के सिपाहियों के परेड की सलामी ली।

 

इस अवसर पर देश के बलिदानी सपूतों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर प्रदेश की कृषि पम्पों को स्थायी कनेक्शन दिया गया। एक साल के दौरान 35 हजार से अधिक कृषि पम्पों को ऊर्जीकृत किया गया। यह अपने आप में एक कीर्तिमान है। यह कार्य वितरण, जनरेशन एवं ट्रांसमिशन के बेहतर समन्वय में हो सका।

इस दौरान उन्होंने पाॅवर कंपनी के 13 उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित किया। समारोह में पाॅवर कंपनीज के प्रबंध निदेशक एनके बिजौरा, श्रीमती उज्जवला बघेल, मनोज खरे, महाप्रबंधक केके भौरासे, मुख्य सुरक्षा अधिकारी विंग कमान्डर ए श्रीनिवास राव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में अध्यक्ष अंकित आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री के मंशानुरूप कर्मचारियों एवं अधिकारियों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधा नीति में व्यापक सुधार किए गए हैं। इससे दुरस्थ अंचल के कर्मियों को भी अब बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल पाएगी। साथ ही जल्द ही ग्रुप कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस पर निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हाफ बिजली बिल योजना से अब तक 41 लाख उपभोक्ताओं को 2500 करोड़ रुपे की छूट दी जा चुकी है। उपभोक्ताओं को ऑनलाईन बेहतर सुविधा प्रदान करने मोर बिजली एप कारगर साबित हुआ है। पाॅवर कंपनी में जूनियर इंजीनियर के 307 पदों पर चयन सूची जारी कर दी गई है। डाॅटा एंट्री ऑपरेटर के 400 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इससे पाॅवर कंपनी की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने इन उपलब्धियों के लिए पाॅवर कंपनीज की पूरी टीम की सराहना की।

समारोह में सुरक्षा विभाग के मुख्य सुरक्षा अधिकारी आरके साहू, सुरक्षा निरीक्षक प्रभु शरण सिंह एवं बैंड मास्टर सुरक्षा उपनिरीक्षक ताराचंद बेन के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट एवं देशभक्ति गीतोें के धुनों की प्रस्तुति दी गई। समारोह का संचालन प्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।

scroll to top