Close

ISRO ने चंद्रयान 3 के रोवर का दिया ताजा अपडेट: ‘चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर कितना है तापमान, रोवर ने भेजा डेटा’

 

नेशनल न्यूज़। चंद्रयान3 के रोवर ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर मौजूद मिट्टी की जांच शुरू कर दी है। इसरो ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर यह जानकारी दी। इसरो (ISRO) ने बताया कि अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में पहली बार चंद्रयान3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की मिट्टी की जांच की। सतह के नीचे 10 सेमी तक इसके तापमान में अंतर था।

इसरो ने कहा, “ये पहली बार है कि दक्षिणी ध्रुव के आसपास चंद्र मिट्टी की तापमान प्रोफाइलिंग की जा रही है क्योंकि पहली बार किसी देश ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की है।” इसरो ने मिट्टी के तापमान पर एक ग्राफ भी शेयर किया है। ग्राफ में तापमान -10 डिग्री सेल्सियस से 50 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तक दिखाई दे रहा है। स्पेस एजेंसी ने कहा, “ChaSTE पेलोड चंद्रमा की सतह के थर्मल बिहेवियर को समझने के लिए, ध्रुव के चारों ओर चंद्रमा की ऊपरी मिट्टी के तापमान प्रोफाइल को मापता है। इसमें तापमान जांचने का यंत्र है जो सतह के नीचे 10 सेमी की गहराई तक पहुंचने में सक्षम है।

इसरो ने बताया कि इसमें 10 अलग-अलग तापमान सेंसर लगे हैं। इस ग्राफ में चंद्र के तापमान के अंतर को दिखाया गया है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के लिए ये पहली ऐसी प्रोफाइल है। आगे की रिसर्च भी चल रही है। इससे पहले शनिवार को इसरो ने बताया था कि चंद्रयान-3 मिशन के तीन में से दो उद्देश्य हासिल कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे उद्देश्य के तहत वैज्ञानिक प्रयोग जारी हैं। साथ ही चंद्रयान-3 मिशन के सभी पेलोड सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। चंद्रयान-3 ने 23 अगस्त को चांद के साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग की थी।

scroll to top