Close

RBI ने एक बार फिर रेपो रेट में इजाफा किया, लगातार पांचवीं बार केंद्रीय बैंक ने नीतिगत ब्याज दरों में की बढ़ोतरी

RBI

भारतीय रिजर्व बैंक ने प्रमुख ब्याज दर अर्थात रेपो रेट में 35 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही अब रेपो रेट बढ़कर 6.25 फीसदी पहुंच गया है। केंद्रीय बैंक ने लगातार पांचवीं बार रेपो रेट में बढ़ोतरी की है। इस तरह पांच किस्तों में रेपो रेट में 2.25 फीसदी बढ़ोतरी की गई है। RBI ने महंगाई में कमी लाने के लिए रेपो रेट में यह बढ़ोतरी की है। रेपो रेट बढ़ने से होम लोन समेत सभी तरह के लोन महंगे हो जाएंगे। लेकिन फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने वालों को फायदा होगा। RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मॉनीटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। केंद्रीय बैंक ने फाइनेंशियल ईयर 2022-23 के लिए GDP के ग्रोथ अनुमान को घटाकर 6.8 फीसदी कर दिया है। 30-09-2022 को पिछले पॉलिसी स्टेटमेंट में इसके 7 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया था।

कमर्शियल बैंक RBI से पैसा उधार लेते

रेपो रेट को प्रमुख ब्याज दर के नाम से भी जाना जाता है। रेपो रेट वह दर होती है, जिस पर कमर्शियल बैंक RBI से पैसा उधार लेते हैं। जब बैंकों के लिए उधारी महंगी हो जाती है, तो वे इसका बोझ ग्राहकों पर डालते हैं और अधिक रेट पर लोन देते हैं। मतलब साफ है कि रेपो रेट बढ़ने पर होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन महंगा हो जाता है। ग्राहकों को डिपॉजिट पर मिलने वाले ब्याज का निर्धारण भी मोटे तौर पर रेपो रेट से ही होता है। यानी रेपो रेट में बढ़ोतरी होने पर बैंक FD पर ब्याज दरों बढ़ा देते हैं। रेपो रेट में कमी से लोन सस्ता होता है EMI घट जाती है।

RBI लगातार रेपो रेट में बढ़ोतरी कर रहा

RBI ने इस साल 4-5-2022 को रेपो रेट में 0.4 फीसदी, 8-6-2022 को 0.5 फीसदी, 5-8-2022 को 0.5 प्रतिशत और 30-9-2022 को 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। महंगाई को काबू करने के लिए RBI रेपो रेट बढ़ाता है। RBI मॉनीटरी पॉलिसी को तय करने के लिए CPI यानी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स पर गौर करता है। RBI को महंगाई दर दो से 6 फीसदी रखने का लक्ष्य दिया गया है लेकिन इस साल महंगाई लगातार इस स्तर से ऊंची रही है। यही वजह है कि आरबीआई लगातार रेपो रेट में बढ़ोतरी कर रहा है।

बैंक जो नए रिटेल लोन देते

बैंक जो नए रिटेल लोन देते हैं, वे किसी एक्सटरनल बेंचमार्क से जुड़े होते हैं। अधिकांश मामलों में यह रेपो रेट से जुड़ा होता है। यही वजह है कि रेपो रेट में किसी भी बदलाव का असर होम लोन के इंटरेस्ट रेट पर पड़ता है। यानी रेपो रेट में बढ़ोतरी से अपने होम लोन की किस्त बढ़ जाएगी। साथ ही MCLR, बेस रेट और BPLR से जुड़े पुराने होम लोन पर भी इसका असर होगा। अगर किसी व्यक्ति ने अप्रैल 2022 में ₹30 लाख का होम लोन 6.95 फीसदी ब्याज पर 20 साल के लिए ले रखा है तो अभी 8.60 फीसदी के हिसाब से उसकी किस्त ₹26,225 होगी। रेपो रेट में बढ़ोतरी के बाद अगर बैंक लेंडिंग रेट में 35 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करता है तो ब्याज दर 8.95 परसेंट पहुंच जाएगी। इससे उसकी किस्त बढ़कर ₹26,895 पहुंच जाएगी। यानी आपकी किस्त ₹670 बढ़ जाएगी।

बिजनेस लोन भी हो जाएगा महंगा

होम लोन के अलावा वीकल लोन, एजुकेशन लोन, पर्सनल लोन और बिजनेस लोन भी महंगा हो जाएगा। बोरोइंग कॉस्ट बढ़ने से आम लोग अनावश्यक खर्च से बचते हैं जिससे मांग घटती है। हालांकि रेपो रेट में बढ़ोतरी का उन ग्राहकों को फायदा होगा जिन्होंने FD करा रखी है। हाल के दिनों में कई बैंकों ने FD पर ब्याज दर में भारी बढ़ोतरी की है।

 

 

यह भी पढ़े:-फीफा वर्ल्डकप : फीफा वर्ल्डकप में गूंजेगा दीपिका का नाम, दीपिका पादुकोण फीफा वर्ल्डकप की ट्रॉफी का अनावरण करेंगी

One Comment
scroll to top