Close

हर घर तिरंगाः बीएसएफ जवानों ने बच्चों के साथ निकाली तिरंगा साइकिल रैली

रायपुर। सीमा सुरक्षा बल भिलाई मुख्यालय ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को रिसाली में विशाल साइकिल तिरंगा रैली का आयोजन किया। इस दौरान बीएसएफ के जवानों ने स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा थामे साइकिल रैली निकाली। जहां हर-घर तिरंगा का संदेश दिया। इस दौरान लोगों ने जगह-जगह जवानों का सैल्यूट से अभिवादन किया।

इस दौरान लोगों में उत्साह देखते बन रहा था। भिलाई रिसाली के शारदा विद्यालय से शुरू हुई रैली को सीमा सुरक्षा बल भिलाई के आईजी इंदराज सिंह के नेतृत्व में सीमांत मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट रतन लाल बगाडिया एवं कमांडेंट एनडी माओ ने झंडा दिखाकर रवाना किया।

इस रैली में 200 साइकिलों के साथ तिरंगा थामे जवान व बच्चे शामिल हुए। शारदा विद्यालय भिलाई से शिवाजी चौक, रिसाली, कृष्णा टॉकीज रोड, राजीव गांधी चौक से होते हुए सीमांत मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल रिसाली में रैली का समापन हुआ। समापन के मौके पर बीएसएफ के आईजी इंदरराज सिंह से इस अभियान की सराहना की। आसपास आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस मौके पर उन्होंने कहा सीमा सुरक्षा बल नक्सल अभियान के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा के लिए भी कृत संकल्पित है। इसी कड़ी में भिलाई स्थित सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी अधीनस्थ अधिकारी, जवानों व विद्यार्थीयों ने “हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया और 75वीं आजादी का अमृत महोत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया।

इस दौरान बीएसएफ के डीआईजी पीएसओ अरविंदर सिंह ने कहा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर कई प्रोग्राम किए जा रहे हैं। इस बार साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। अगली बार बुलेट रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं।

scroll to top