Close

छात्रा की मौत पर फोरलेन जाम करने वालों का पुलिस ने रात में किया इलाज, दौड़ा-दौड़ाकर मारा

भिलाई। कुम्हारी साई बाबा मंदिर, जंजगिरी पेट्रोल पंप क्रासिंग के पास गुरुवार को छात्रा की मौत के बाद दिनभर लगभग 8 घंटे सड़क जाम रहा। ग्रामीणों के कारण फोरलेम पर दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में वाहनों की लाइन लग गई। उसके बाद पुलिस का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस ने रात को उरला गांव पहुंचकर जाम करने वाले युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा।

पुलिस कार्रवाई के दौरान गांव के कुछ युवकों ने इसका वीडियो बनाया जो अब वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस कप्तान डॉ. अभिषेक पल्लव का कहना है कि चक्काजाम करने वाले पुलिस पर पथराव कर रहे थे तो पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने कार्रवाई की है।

आपको जानकारी दे दें कि गुरुवार दोपहर को 12 बजे जंजगिरी पेट्रोल पंप के पास फोरलेन क्रासिंग पर स्कूल से लौट रही छात्रा खुशी साहू (15) को मिक्चर मशीन ने चपेट में ले ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उरला गांव के लोगों ने फोरलेन पर लगभग 8 घंटे तक चक्काजाम किया।

जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। रात 8.30 बजे जाम खुला। इसके बाद पुलिस की कई टीमें उरला गांव पहुंची और चक्काजाम करने वालों का इलाज किया। युवकों को ढूंढ-ढूंढ कर निकाला और पिटाई की।

हाइवे पर जाम करने से दिनभर आवाजाही प्रभावित रही। इसके कारण आम लोगों के साथ पुलिस भी परेशान रही। जाम खुलने के बाद लोगों को राहत मिली, पर पुलिस एक्शन में आ गई। पुलिस टीम सीधे गांव पहुंची और ढूंढ-ढूंढ कर युवाओं को पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है इस दौरान पुलिस को जो मिला उसकी पिटाई की। जो भी घर से बाहर मिला, उसे दौड़ाया गया।

इधर पूरे घटना क्रम पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव का कहना है कि गांववालों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया था उसके बाद पुलिस ने इन्हें खदेड़़ने कार्रवाई की है। एसपी ने बताया कि गांववाले ने मिक्चर मशीन चालक को उठाकर अपने गांव ले गए थे, जहां उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी।

पुलिस ने बताया रात को हम चालक का रेस्क्यू करने गए थे इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए लोगों को खदेड़ा गया। चालक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसे रायपुर रेफर किया गया है।

फोरलेन जाम करने वाले हुडदंगियों की पहचान कर ली गई है। एसपी पल्लव ने कहा सभी के खिलाफ अपराध दर्ज किया जा रहा है। ग्रामीणों ने चालक को जिस बेरहमी से मारा है उसके लिए इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया चालक की हालत काफी गंभीर है।

scroll to top