Close

भाजपा का दामन थामेंगे कुलदीप बिश्नोई? शाह और नड्डा से दिल्ली में भेंट कर दिखे उत्साहित

नई दिल्ली। कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं। ऐसा इसलिए कहा जा सकता है कि वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के सीधे संपर्क में हैं। बिश्नोई ने अपने ट्विटर प्रोफाइल से सोनिया और राहुल गांधी के साथ की तस्वीरें हटा दी हैं।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा के प्रति उत्साह दिखा रहे आदमपुर के कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने रविवार को दिल्ली आकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। ऐसे में ये कयास लगाए जा रहे हैं कि बिश्नोई जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

विधायक बिश्नोई ने भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद उनकी जमकर प्रशंसा भी की। बता दें कि उन्होंने पिछले महीने हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया था। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई को पिछले महीने कांग्रेस ने पार्टी के सभी पदों से निष्कासित कर दिया था। उसके बाद से भाजपा से उनकी नजदीकियां बढ़ी है।

इधर बिश्नोई ने अपने ट्विटर प्रोफाइल से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीरें भी हटा दी हैं। बिश्नोई ने उनकी जगह अपने पिता एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजन लाल के साथ तस्वीरें लगा दी हैं।

बिश्नोई ने भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद ट्वीट किया, ”श्री अमित शाह जी से मिलना एक वास्तविक सम्मान और खुशी की बात थी। एक सच्चे राजनेता, मैंने उनके साथ बातचीत में उनकी आभा और करिश्मा को महसूस किया। भारत के लिए उनका दृष्टिकोण विस्मयकारी है।”

बिश्नोई ने नड्डा से मुलाकात को बेहद गौरव वाला क्षण करार देते हुए एक अन्य ट्वीट में कहा, ”मैं श्री जे पी नड्डा जी से मिलकर अत्यंत गौरवान्वित हुआ। उनका सहज और विनम्र स्वभाव उन्हें औरों से मीलों अलग दिखाता है। उनकी सक्षम अध्यक्षता में भाजपा ने अभूतपूर्व ऊंचाइयों को देखा है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूं।”

चार बार के विधायक और दो बार के सांसद कुलदीप बिश्नोई हरियाणा में कांग्रेस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए उनकी उपेक्षा किए जाने के बाद से ही नाराज चल रहे हैं।

भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुने गए।

scroll to top