#प्रदेश

बिल्हा में 6 महिलाएं आई आकाशीय बिजली चपेट में , 2 की मौत, 4 घायल

Advertisement Carousel

बिलासपुर। बिलासपुर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान 6 महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। जिनमें से 2 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 4 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिलाएं खेत से काम कर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है।



दरअसल, कल शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। जिसके बाद करीब 5 बजे के बाद आसमान में काली घटाएं छा गई। फिर आसमान में जोरदार गर्जना होने लगी और बारिश शुरू हो गई। इस दौरान बिल्हा के ग्राम कुंआपाली निवासी सौम्या नेती (33), सुरेखा नेती (45) समेत 6 महिलाओं खेत में काम करने गईं थीं। गरज-चमक के साथ बारिश होते देख कर सभी महिलाएं घर लौटने लगी। महिलाएं रास्ते में ही थी, तभी जोरदार गर्जना होने के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इससे सौम्या और सुरेखा की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पीछे चल रहीं दरसबाई कोर्राम, गीताबाई गोड़, कुंवरमति, पार्वती यादव इस घटना में घायल हो गईं।

इसकी जानकारी मिलते गांव के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। साथ ही दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।