Close

नगर निकाय चुनाव: भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, भव्य बाइक रैली और रोड शो से दिखाया चुनावी दमखम


Ad
R.O. No. 13250/31

गरियाबंद। नगर निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए गरियाबंद में विशाल बाइक रैली और रोड शो का आयोजन किया। नगर की सड़कों पर भाजपाई झंडे और नारों की गूंज से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया। भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी रिखीराम यादव के नेतृत्व में निकली इस रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नगरभर में जमकर नारेबाजी की, जिससे आम जनता के बीच भी चुनावी जोश देखने को मिला।



 

जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में: सुरेंद्र पाटनी

भाजपा जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी ने इस मौके पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि गरियाबंद की जनता का अपार उत्साह इस बात का संकेत है कि नगर पालिका में भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा,

“हमारी पार्टी ने महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ लोगों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। जनता फिर से भाजपा को जिताने के लिए उत्साहित है।”

“ट्रिपल इंजन सरकार” से होगा दोगुना विकास – अनिल चंद्राकर

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि यदि केंद्र, राज्य और नगर तीनों में भाजपा की सरकार बनती है तो विकास की गति कई गुना तेज होगी। उन्होंने कहा,

“नगर निकाय में भाजपा की जीत से गरियाबंद को ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ का लाभ मिलेगा। इससे सड़क, नाली, बिजली, पेयजल सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और नगर का तेज विकास सुनिश्चित किया जाएगा।”

निकाय प्रभारी किशोर महानंद ने भी जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विकास की पहचान है। उन्होंने कहा,

“महतारी वंदन योजना से नगर की महिलाओं का जीवन संवर रहा है, वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिलाओं के समर्थन से भाजपा को भारी जीत मिलेगी।”

 

गरीब परिवार से आया हूं, जनता की सेवा करूंगा: रिखीराम यादव

भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी रिखीराम यादव ने इस अवसर पर आम नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि वे गरीब परिवार से आते हैं, और पार्टी ने उन्हें जनता की सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने जनता से समर्थन मांगते हुए कहा,

“अगर आपका आशीर्वाद मिला, तो मैं पूरी निष्ठा से नगर के विकास के लिए कार्य करूंगा। भाजपा सरकार की अनेक योजनाओं से नगरवासियों को लाभ मिलेगा। हमारी प्राथमिकता सड़क, बिजली, पानी और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना होगा। भाजपा की सरकार बनेगी तो आपके विकास की चिंता भी हमारी सरकार करेगी।”

भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश और शक्ति प्रदर्शन

इस भव्य रैली और रोड शो में भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ भाजपा के समर्थन में नारे लगाए और जनता से कमल निशान पर वोट देने की अपील की।

इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुरलीधर सिन्हा, घनश्याम सिन्हा, प्रशांत मानिकपुरी, सुमीत पारख, प्रहलाद ठाकुर, युगल समदरिया, विनय दासवानी, अमित बखारिया, नमन सेन, योगेश निषाद, आनंद ठाकुर, मुकेश सिन्हा, पुष्पक देवांगन, परमानंद नेताम, नूतन देवांगन, राकेश सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

scroll to top