#प्रदेश

कुल्लू में फिर लैंडस्लाइड : दो मकान आए चपेट में , एक की मौत और तीन को बचाया; अभी कई लोग फंसे

Advertisement Carousel

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। तीन दिन के अंदर जिला मुख्यालय में भूस्खलन की चौथी घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह भूस्खलन की चपेट में दो मकान और आ गए। एक की मौत हो गई है, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया है। अभी कई लोग मलबे में दबे हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे कुल्लू में भूस्खलन हुआ। मलबे के साथ भारी चट्टाने आ गिरी हैं। इसकी चपेट में आने से इनर अखाड़ा बाजार में दो घरों में नुकसान हुआ है। मौके पर एनडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।



अभी तक दो महिलाओं समेत तीन लोगों को बचाया गया है। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जबकि एक मृतक को भी क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया है।

इसके अलावा एक महिला और पांच कश्मीरी मजदूर अभी भी घर के अंदर मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। एडीसी कुल्लू अश्विनी कुमार और एसडीएम निशांत कुमार मौके पर मौजूद हैं।

पांच जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में वीरवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को पांच जिलों कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। छह सितंबर से भारी बारिश से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। नौ सितंबर तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।

हिमाचल प्रदेश में सितंबर के तीन दिनों के दौरान सामान्य से 534 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई है। एक से तीन सितंबर तक प्रदेश में 104 मिलीमीटर बारिश हुई। इस अवधि में 16.4 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से जारी बुलेटिन के अनुसार बिलासपुर, कुल्लू और सोलन जिला में 1000 फीसदी से अधिक बादल बरसे। बिलासपुर में सामान्य से 1004, कुल्लू में 1035, सोलन में 1005, चंबा में 385, हमीरपुर में 562, कांगड़ा में 139, किन्नौर में 340, लाहौल-स्पीति में 668, मंडी में 378, शिमला में 766, सिरमौर में 792 और ऊना में 543 फीसदी अधिक बारिश हुई।
उधर, मानसून सीजन के दौरान 20 जून से तीन सितंबर से प्रदेश में सामान्य से 46 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई। इस दौरान लाहौल-स्पीति जिला को छोड़कर सभी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।