#प्रदेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 25 को आ सकते हैं छत्तीसगढ़, आगामी चुनाव में तलाशेंगे संभावना

Advertisement Carousel

रायपुर। आगामी विधानसभा चुनावों में छत्तीसगढ़ में विभिन्न राजनीतिक पार्टी प्रचार अभियान में लगी हुई हैं। ऐसे में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का 25 सितंबर को रायपुर आने का कार्यक्रम बन रहा है। यहां पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वे संवाद भी कर सकते हैं। सपा मुखिया इसके बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी ताकत लगाएंगे।



वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पांच राज्यों मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान व तेलंगाना के विधानसभा चुनाव होने हैं। सपा मध्य प्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में पिछले कई वर्षों से चुनाव लड़ती आ रही है। इन तीनों राज्यों में सपा सबसे कमजोर छत्तीसगढ़ में है। इसलिए सपा अध्यक्ष इस बार छत्तीसगढ़ को मजबूत करने के लिए अपना चुनावी अभियान यहां से शुरू करेंगे।

सपा ने राज्य बनने के बाद वर्ष 2003 में हुए पहले चुनाव में 90 सीटों वाली छत्तीसगढ़ विधानसभा की 52 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। तब उसे 1.57 प्रतिशत मत मिले थे। वर्ष 2018 के चुनाव में सपा ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे एक प्रतिशत से भी कम मत मिले।